हमीरपुर : योगी सरकार में महिलायें भी बनी नलकूप चालक, किसानों में खुशी

हमीरपुर में जिलाधिकारी व विधायकों ने 10 महिला नलकूप चालक समेत 67 नलकूप चालकों को नियुक्ति पत्र वितरित किये..

हमीरपुर : योगी सरकार में महिलायें भी बनी नलकूप चालक, किसानों में खुशी
जिलाधिकारी व विधायक ने नलकूप चालकों को नियुक्ति पत्र किये वितरित

  • मिशन रोजगार अभियान के तहत डीएम व विधायकों ने 67 नवनियुक्त नलकूप चालकों को बांटे नियुक्ति पत्र 
हमीरपुर में जिलाधिकारी व विधायकों ने 10 महिला नलकूप चालक समेत 67 नलकूप चालकों को नियुक्ति पत्र वितरित किये। नियुक्ति पत्र पाकर नलकूप चालक खुशी से झूम उठे। पहली बार यहां महिला नलकूप चालक नलकूपों का संचालन करेगी। ये सभी आईटीआई है जिससे नलकूपों में आने वाली तकनीकी समस्या से भी निजात मिलेगी।
कलेक्ट्रेट मीटिंग हाल में मिशन रोजगार अभियान के तहत आयोजित एक कार्यक्रम में नवनियुक्त नलकूप चालकों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के साथ ही उनसे संवाद किया गया।
जिलाधिकारी ज्ञानेश्वर त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश स्तर पर नव नियुक्त नलकूप चालकों को नियुक्ति पत्र का वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है। मिशन रोजगार अभियान के तहत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में की गयी 3208 नलकूप चालकों की भर्ती के सापेक्ष हमीरपुर जनपद को 67 नलकूप चालक मिले है। इनमें 10 महिला नलकूप चालक भी है।
जिलाधिकारी ने नलकूप चालकों से संवाद करते हुये कहा कि सभी पूरी ईमानदारी के साथ नलकूपों का संचालन एवं रखरखाव करे। उन्होंने बताया कि जिले के दो ब्लाकों को छोड़कर शेष सभी ब्लाक डार्क जोन में है। इसलिये जल का दोहन किसी भी दशा में नहीं किया जाये। जरूरत के अनुसार एवं पहले आओ- पहले पाओ की नीति पर ही किसानों को जल उपलब्ध कराया जाये। नलकूपों को अनावश्यक रूप से न चलाया जाये। इसमें आने वाली तकनीकी कमियों को समय से दूर किया जाये।
सदर विधायक युवराज सिंह ने कहा कि सभी नलकूप चालक किसानों की आमदनी में वृद्धि करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे। राठ क्षेत्र की विधायक मनीषा अनुरागी ने कहा कि नलकूप चालकों के आने से अब नलकूप चालकों की कमी दूर हो गयी है। और अब किसान भाईयों को समय से पानी उपलब्ध होगा। इस मौके पर नलकूप विभाग के अधिशाषी अभियंता, सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान  समाचार

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0