बांदा में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, बिना हेलमेट के 1784 और ओवरलोडिंग के 202 वाहनों पर कार्रवाई

जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति...

Nov 19, 2026 - 17:21
Nov 19, 2026 - 17:30
 0  6
बांदा में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, बिना हेलमेट के 1784 और ओवरलोडिंग के 202 वाहनों पर कार्रवाई

हिट एंड रन के तीन मामलों में मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये प्रतिकर स्वीकृत, बांदा-फतेहपुर मार्ग पर जलभराव की समस्या दूर करने के निर्देश

बांदा। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछली बैठक के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, मृत्यु दर घटाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने पर चर्चा की गई।

बैठक में अक्टूबर 2026 के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर की गई कार्रवाई का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। इसके अनुसार बिना हेलमेट वाहन चलाने के 1784, बिना सीट बेल्ट के 290, ओवरलोडिंग के 202, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 138, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग के 161, ओवरस्पीडिंग के 27 और नशे की हालत में वाहन चलाने के नौ मामलों में कार्रवाई की गई। अधिकारियों को इन नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित चेकिंग और विशेष अभियान जारी रखने के निर्देश दिए गए।

हिट एंड रन दुर्घटनाओं के मामलों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि तीन प्रकरणों में जिलाधिकारी द्वारा प्रतिकर धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है। मृतक वीरू सिंह, मृतका सुश्री कोमल और मृतक चुन्नू के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की सहायता मंजूर की गई है। संबंधित बीमा कंपनी के पोर्टल पर भुगतान की प्रक्रिया भी दर्ज कराई गई है। बैठक में पात्र आश्रितों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-335 के बांदा-फतेहपुर मार्ग पर तिंदवारी और महोखर के बीच क्षतिग्रस्त हिस्सों तथा जलभराव की समस्या पर भी चर्चा हुई। समीक्षा में सामने आया कि जल निगम की पाइप लाइनों से लगातार पानी का रिसाव होने के कारण सड़क सूख नहीं पा रही है और मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है। भारी वाहनों के आवागमन से सड़क की स्थिति और खराब हो रही है। संबंधित विभागों को जल रिसाव और जलभराव की समस्या का शीघ्र समाधान कर सड़क मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में राहवीर योजना की भी समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त दो लाभार्थियों के प्रकरण समिति की संस्तुति के बाद परिवहन आयुक्त कार्यालय भेजे गए थे, जिन्हें स्वीकृति मिल चुकी है। अधिकारियों को दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने वाले राहवीरों को योजना का लाभ दिलाने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर यातायात नियमों के उल्लंघन, मानक विहीन वाहनों और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई। एक्सप्रेसवे पर निगरानी के लिए कैमरे लगाने की प्रक्रिया भी प्रगति पर है। इसके अलावा दुर्घटना बाहुल्य स्थलों की पहचान, प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।

विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम चलाने और नाबालिगों को वाहन न चलाने देने के लिए अभिभावकों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। विद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों के आसपास निगरानी और चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक में कहा गया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत जागरूकता गतिविधियां जारी रखें और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करें।

अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने सभी विभागों को पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा को जनहित का महत्वपूर्ण विषय मानते हुए अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने के निर्देश दिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0