मशहूर संगीतकार एआर रहमान चेन्नई के अस्पताल में भर्ती, सीने में अचानक दर्द की शिकायत
ऑस्कर विजेता मशहूर संगीतकार एआर रहमान को चेन्नई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नई दिल्ली (हि.स.)। ऑस्कर विजेता मशहूर संगीतकार एआर रहमान को चेन्नई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार को अचानक सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें चेन्नई के ग्रीम्स रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में वे डॉक्टरों की लगातार निगरानी में हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, मशहूर संगीतकार एआर रहमान विदेश से चेन्नई लौटने के बाद अचानक असहज महसूस करने लगे, जिसके चलते उन्हें बीती रात चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एआर रहमान की एंजियोग्राफी की गई है। डिहाइड्रेशन की वजह से उन्हें भर्ती कराया गया था, क्योंकि वह रमजान के उपवास भी कर रहे थे। फिलहाल, डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनकी सेहत में सुधार हो रहा है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले रहमान की पूर्व पत्नी सायरा को भी मेडिकल इमरजेंसी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी सर्जरी के बाद उन्होंने एआर रहमान के सहयोग के लिए उनका धन्यवाद किया था।
एआर रहमान ने 1992 में मणिरत्नम की फिल्म 'रोजा' के साथ संगीतकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। यह तमिल सिनेमा की पहली फिल्म थी, जिसके गाने हिंदी में डब कर के बेहद सफल हुए। रहमान ने अपनी पहली ही फिल्म के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता और बहुत ही कम समय में उनके संगीत का जादू पूरी दुनिया में फैल गया। उनके प्रसिद्ध गानों में 'रमता जोगी', 'छोटी सी आशा', 'जय हो', 'कुन फाया कुन', 'यूं ही चला चल राही' जैसी कई बेहतरीन धुनें शामिल हैं।
एआर रहमान को 130 से अधिक पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है, जिसमें संगीत के क्षेत्र में 6 राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी शामिल हैं। 2009 में, उन्हें फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के लिए बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग और बेस्ट ओरिजिनल स्कोर का प्रतिष्ठित ऑस्कर पुरस्कार मिला। रहमान के नाम 2 ग्रैमी पुरस्कार, 1 BAFTA पुरस्कार, 1 गोल्डन ग्लोब पुरस्कार, 15 फिल्मफेयर पुरस्कार, 17 साउथ फिल्मफेयर पुरस्कार सहित अन्य कई सम्मान हैं। इसके अलावा, भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री और पद्म भूषण जैसे उच्चतम पुरस्कारों से नवाजा है।
लोकेश चंद्र दुबे
What's Your Reaction?






