संघर्ष से सफलता तक... बांदा गौरव सम्मान 2026 में चमकीं जिले की 22 से अधिक विभूतियां, पद्मश्री उमाशंकर पांडेय, विधायक प्रकाश द्विवेदी तक जुटे दिग्गज

महर्षि वामदेव की तपोभूमि और केन नदी के शजर पत्थरों की चमक से पहचान रखने वाली बांदा की धरती पर शनिवार, 14 नवंबर 2026 को प्रतिभा...

Nov 16, 2026 - 11:12
Nov 16, 2026 - 11:33
 0  8
संघर्ष से सफलता तक... बांदा गौरव सम्मान 2026 में चमकीं जिले की 22 से अधिक विभूतियां, पद्मश्री उमाशंकर पांडेय, विधायक प्रकाश द्विवेदी तक जुटे दिग्गज

PhonePe संस्थापक समीर निगम ने वीडियो संदेश से जताया बांदा पर गर्व, पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह सहित देशभर में पहचान बनाने वाली हस्तियों ने साझा किए संघर्ष के अनुभव

बांदा। महर्षि वामदेव की तपोभूमि और केन नदी के शजर पत्थरों की चमक से पहचान रखने वाली बांदा की धरती पर शनिवार, 14 नवंबर 2026 को प्रतिभा, संघर्ष और स्वाभिमान का भव्य उत्सव देखने को मिला। गायत्री नगर स्थित जय मां शारदा पैलेस में रेयांश सॉल्यूशंस, बांदा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक एवं बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, झांसी के संयुक्त तत्वावधान में 'बांदा गौरव सम्मान 2026 : संघर्ष से सफलता' के द्वितीय संस्करण का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जिले की विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली 22 से अधिक विभूतियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने बांदा की प्रतिभा, उपलब्धियों और गौरवशाली पहचान को एक मंच पर प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में आयोजित 'बांदा गॉट टैलेंट' में बुंदेलखंड यूथ फाउंडेशन के संस्थापक प्रवीण सिंह मुख्य अतिथि रहे। वहीं मुख्य सम्मान समारोह में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी मुख्य अतिथि और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मालती गुप्ता बासू विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम का शुभारंभ पद्मश्री उमाशंकर पांडेय, पूर्व विधायक युवराज सिंह, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. चंद्रिका प्रसाद दीक्षित 'ललित', वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक त्रिपाठी 'जीतू', वरिष्ठ पत्रकार सुधीर निगम एवं एडीएम माया शंकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह की शुरुआत नृत्य गुरु निशा गुप्ता की पुत्री अमायरा गुप्ता की गुरु-गणेश स्तुति एवं शिव तांडव की मनमोहक प्रस्तुति से हुई। इसके बाद गुरुकुल कथक साधना केंद्र की छात्रा स्वरा निगम ने अनुपमा त्रिपाठी के निर्देशन में शिव स्तुति पर शानदार कथक नृत्य प्रस्तुत किया। दोनों प्रस्तुतियों ने सभागार में उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

रेयांश सॉल्यूशंस के एमडी शोभित निगम ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि जिस तरह केन नदी की धारा से टकराकर शजर पत्थर चमकते हैं, उसी तरह बांदा की प्रतिभाएं भी संघर्षों से निखरकर अपनी पहचान बनाती हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष करीब 100 नामांकनों में से निर्णायक मंडल ने कठिन चयन प्रक्रिया के बाद 22 से अधिक विभूतियों एवं संस्थाओं का चयन किया। बांदा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक के महाप्रबंधक डॉ. दिनेश दीक्षित ने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि बांदा की मिट्टी में जन्मी मेहनत और सफलता की कहानियों के प्रति समाज की कृतज्ञता है।

PhonePe संस्थापक समीर निगम का विशेष संदेश

कार्यक्रम संयोजक श्याम जी निगम के संबोधन के दौरान देश की प्रमुख फिनटेक कंपनी PhonePe के संस्थापक समीर निगम का बेंगलुरु से भेजा गया विशेष वीडियो संदेश प्रसारित किया गया। उन्होंने बांदा से जुड़ी अपनी पैतृक जड़ों और बचपन की छुट्टियों को याद करते हुए कहा कि उन्हें बांदावासी होने पर गर्व है। उन्होंने युवाओं से अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए देश-दुनिया में बांदा का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

'माटी के लाल' संवाद सत्र में साझा हुए सफलता के अनुभव

समारोह का प्रमुख आकर्षण 'माटी के लाल' संवाद सत्र रहा, जिसमें बांदा से निकलकर देश-विदेश में अपनी पहचान बनाने वाली हस्तियों ने संघर्ष, अनुभव और जिले के विकास की संभावनाओं पर विचार साझा किए।

प्रथम सत्र में बुंदेलखंड न्यूज़ के प्रधान संपादक सचिन चतुर्वेदी के संचालन में प्रशासन, न्याय एवं ज्योतिष विज्ञान से जुड़ी हस्तियों ने विचार रखे। इसमें उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह, लखनऊ के पूर्व जिला जज शक्तिकांत श्रीवास्तव, टाइम्स ग्रुप के वेलनेस एडवाइजर एवं हस्तरेखा विशेषज्ञ डॉ. लक्ष्मीकांत त्रिपाठी तथा उत्तर प्रदेश सचिवालय के निवर्तमान संयुक्त सचिव शिवगोपाल सिंह शामिल रहे।

पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह ने युवाओं को कोचिंग की भेड़चाल से बचते हुए स्वावलंबी बनने और पहले रोजगार हासिल कर आगे की तैयारी करने की सलाह दी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती नशाखोरी और पलायन पर चिंता जताई। पूर्व जिला जज शक्तिकांत श्रीवास्तव ने शहर की यातायात व्यवस्था एवं टाउन प्लानिंग में सुधार के साथ आईटी और विदेशी भाषाओं के शैक्षिक कार्यक्रम शुरू करने का सुझाव दिया। डॉ. लक्ष्मीकांत त्रिपाठी ने समय प्रबंधन, लक्ष्य के प्रति एकाग्रता और नशामुक्त जीवनशैली पर जोर दिया। शिवगोपाल सिंह ने बुनियादी ढांचे के विकास की सराहना करते हुए युवाओं के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों की आवश्यकता बताई।

द्वितीय संवाद सत्र में प्रधानमंत्री कार्यालय, नई दिल्ली में कार्यरत वरिष्ठ कार्यकारी ओम प्रकाश (ओपी) सिंह, हिंदी खबर नेटवर्क के प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल, सिंचाई विभाग अयोध्या के अधिशासी अभियंता शिवा गुप्ता और श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में असिस्टेंट कमिश्नर विवेक गुप्ता ने अपने अनुभव साझा किए। सत्र का संचालन श्याम जी निगम ने किया।

अतुल अग्रवाल ने कहा कि यदि बांदा में प्रतिभा और संभावनाओं की कमी होती तो यहां से निकलकर लोग इतने बड़े पदों तक नहीं पहुंचते। उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार सुधीर निगम एवं पद्मश्री उमाशंकर पांडेय से मिले मार्गदर्शन को याद किया तथा अपने संस्थान में बुंदेलखंड के युवाओं को प्राथमिकता से रोजगार देने की बात कही। उन्होंने उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत का संकल्प भी दिलाया। ओपी सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ काम करने के अनुभव साझा करते हुए अनुशासन, समय की पाबंदी और जीरो एरर को सफलता का मंत्र बताया। वहीं विवेक गुप्ता और शिवा गुप्ता ने KCNIT से बीटेक करने के बाद असफलताओं से संघर्ष करते हुए केंद्रीय सेवाओं एवं अपने-अपने क्षेत्रों में सफलता हासिल करने की यात्रा बताई।

तृतीय संवाद सत्र कला, सिनेमा, चिकित्सा एवं खेल विज्ञान को समर्पित रहा। रेल मंत्रालय (DFC) में कार्यरत शिवम निगम ने इंडियन आइडल फेम गायक कुलदीप चौहान, फिल्म 'हनुमान अंश' के अभिनेता एवं असिस्टेंट डायरेक्टर उदित नारायण गुप्ता तथा पुरस्कार विजेता फिल्म 'मास्साब' के मुख्य अभिनेता शिवा सूर्यवंशी से संवाद किया। लोक गायिका अर्चना कोटार्या भी इस सत्र में आमंत्रित रहीं। कुलदीप चौहान ने अपने ऑडिशन गीत 'पिया हाजी अली' की प्रस्तुति देकर सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सत्र के दूसरे भाग में चिकित्सा, पोषण और खेल विज्ञान पर चर्चा हुई। इसमें KGMU के पूर्व वरिष्ठ प्रोस्थेटिक्स एवं ऑर्थोटिक्स विशेषज्ञ डॉ. अरविंद कुमार निगम, KGMU के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. अरविंद कुमार, भारतीय खेल प्राधिकरण के वैज्ञानिक डॉ. अरुण कुमार एवं डायटीशियन पोयम द्विवेदी शामिल हुए। डॉ. अरविंद कुमार निगम द्वारा 1982 में भारत का पहला कृत्रिम हाथ बनाने और तीन लाख दिव्यांगों की सेवा के अनुभव विशेष रूप से चर्चा में रहे। संवाद में बांदा में खेलो इंडिया सेंटर की संभावनाओं पर भी विचार हुआ।

चार पुस्तकों का हुआ लोकार्पण

समारोह में साहित्य, महिला उद्यमिता, जीवन के अनुभवों और चिकित्सा इतिहास से जुड़ी चार पुस्तकों का विमोचन किया गया। इनमें अपर परिवहन आयुक्त केडी सिंह का 17वां व्यंग्य संग्रह 'व्यंग्य कौमुदी', डॉ. अरुण कुमार द्वारा कमासिन की महिला उद्यमी रागिनी के संघर्ष और सफलता पर लिखी पुस्तक, युवा लेखक रोहित जैन की पहली पुस्तक 'गलतियों का एमबीए' तथा श्याम जी निगम द्वारा संकलित बांदा के चिकित्सा इतिहास पर आधारित पुस्तक 'बांदा संजीवनी' शामिल रहीं।

'बांदा संजीवनी' के लोकार्पण के अवसर पर जिले के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शबाना रफीक, डॉ. प्रज्ञा प्रकाश, डॉ. मोनिका सक्सेना, डॉ. अतुल सक्सेना, डॉ. एसपी सिंह, डॉ. अर्चना भारती एवं डॉ. हर्ष भार्गव मौजूद रहे।

चिकित्सा, कला, पत्रकारिता, खेल और सामाजिक सेवा की विभूतियां सम्मानित

निर्णायक मंडल की संस्तुति पर मुख्य अतिथि सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, पद्मश्री उमाशंकर पांडेय, पूर्व विधायक युवराज सिंह, डॉ. सीपी दीक्षित 'ललित' एवं अन्य अतिथियों ने विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियों को सम्मानित किया।

मरणोपरांत गौरव सम्मान से चिकित्सा क्षेत्र में स्व. डॉ. जीएन भार्गव, स्व. डॉ. श्याम नारायण (एसएन) सिंह तथा पत्रकारिता क्षेत्र में स्व. बाबू रामेश्वर प्रसाद गुप्ता को सम्मानित किया गया। इनके परिजनों ने सम्मान ग्रहण किया। विशेष रूप से स्व. डॉ. एसएन सिंह ने दुर्घटना के बाद 30 वर्षों तक व्हीलचेयर पर रहते हुए भी गांव-गांव चिकित्सा शिविर लगाकर सर्जरी और सेवा का कार्य किया था।

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. शरद चतुर्वेदी, डॉ. मोनिका सक्सेना, डॉ. राजकुमार (आरके) गौड़ और प्रेक्षा योगा सेंटर के योग चिकित्सक शिवम निगम को सम्मानित किया गया।

कला, संगीत एवं संस्कृति के क्षेत्र में नृत्य गुरु निशा गुप्ता, गायक एवं संगीतकार अभिषेक मिश्रा (UP 90 फेम), मूर्तिकार विपिन विनोद दीक्षित, म्यूजिक प्रोड्यूसर सुदीप सिन्हा और मंडला एवं मिरर क्ले आर्ट की कलाकार आकांक्षा श्रीवास्तव को सम्मान मिला। मूर्तिकार विपिन विनोद दीक्षित द्वारा रणगढ़ किले में 35 फीट ऊंची शिव प्रतिमा तथा 35 घंटे में रामलला का विग्रह बनाने की उपलब्धि को विशेष रूप से सराहा गया।

पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में वरिष्ठ पत्रकार सुधीर निगम, वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार गोपाल गोयल, संस्कृत एवं हिंदी साहित्यकार डॉ. गया प्रसाद त्रिपाठी तथा शिक्षाविद एवं लेखिका डॉ. सबीहा रहमानी को सम्मानित किया गया।

खेल जगत में अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी मोहम्मद अर्श, रेसलर लक्ष्मीकांत राजपूत (WWE फेम) और 77 वर्षीय धावक मोतीलाल चौरसिया को सम्मान मिला। मोतीलाल चौरसिया को बुंदेलखंड का उड़न सिपाही कहा जाता है। वह एशिया मास्टर चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुके हैं।

शिक्षा, कृषि शोध एवं उद्यमिता के क्षेत्र में बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के निदेशक (शोध) डॉ. जगन्नाथ पाठक, 800 से अधिक वंचित बच्चों को निशुल्क शिक्षा से जोड़ने वाले अंकित अंबेडकर, IIT बॉम्बे के पूर्व छात्र एवं पर्पल ट्यूटर तथा मायरिक ऐप के संस्थापक यतीश गुप्ता और 250 लोगों को रोजगार देने तथा अफ्रीकी देशों में उत्पाद निर्यात करने वाले एसए इंडस्ट्रीज के रजत गुप्ता को सम्मानित किया गया।

सामाजिक सेवा एवं डिजिटल क्रिएटर्स की श्रेणी में रोटी बैंक सोसाइटी के संस्थापक रिजवान अली, 50 से अधिक रक्तदान शिविरों के जरिए पांच हजार से अधिक यूनिट रक्त जुटाने वाली संस्था सेवर्स ऑफ लाइफ के सलमान खान एवं सुनील सक्सेना तथा अनुशासन व्यवस्था के लिए अखंड हिंद फौज को सम्मानित किया गया। सोशल मीडिया क्रिएटर्स श्रेणी में अजय गुप्ता, राजेश श्रीवास्तव, वर्षा सिंह, प्रमोद कुमार 'मछंदर' और पवन कुमार को सम्मान प्रदान किया गया।

बांदा गॉट टैलेंट के विजेताओं को भी मिला सम्मान

समारोह में दोपहर के सत्र में आयोजित बांदा गॉट टैलेंट की गायन एवं नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। सीनियर गायन वर्ग में निश्चल विजेता रहे, जबकि सरस्वती एवं शानवी द्विवेदी उपविजेता रहीं। जूनियर गायन वर्ग में अनवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सीनियर नृत्य वर्ग में रक्षा मिश्रा विजेता और अंकित चौरसिया उपविजेता रहे। जूनियर नृत्य वर्ग में नित्या साहू विजेता तथा आराध्या श्रीवास्तव उपविजेता रहीं।

बांदा में IIT, NIT और केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना की उठी मांग

समारोह में पद्मश्री उमाशंकर पांडेय ने युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और माता-पिता की सेवा को सर्वोपरि रखने की सीख दी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से बांदा के युवाओं का पलायन रोकने के लिए जिले में IIT, NIT, केंद्रीय विश्वविद्यालय और बड़े रोजगारपरक उद्योगों की स्थापना के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

पूर्व विधायक युवराज सिंह ने कहा कि इस मंच का उद्देश्य नई पीढ़ी को यह विश्वास दिलाना है कि बांदा में प्रतिभा और योग्यता की कोई कमी नहीं है। वहीं मुख्य अतिथि सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि देश-विदेश में बांदा का नाम रोशन करने वाली विभूतियों से लेकर स्थानीय कलाकारों, मूर्तिकारों और सोशल मीडिया क्रिएटर्स को एक मंच पर लाना ऐतिहासिक पहल है। इससे नई और पुरानी पीढ़ी के बीच संवाद और प्रेरणा का सेतु बनेगा।

कार्यक्रम का मंच संचालन पंकज रावत एवं आरुषि ने किया। अंत में डिस्ट्रिक्ट इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. मनोज शिवहरे ने अतिथियों, निर्णायक मंडल, सहयोगी संस्थानों और आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0