विद्यालय में हुई संकुल स्तरीय गणित, विज्ञान एवं संस्कृत बोध प्रतियोगिता

बैजनाथ भारद्वाज सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बड़ी पुलिया में संकुल स्तरीय गणित, विज्ञान एवं संस्कृत बोध प्रतियोगिता हुई...

Oct 26, 2026 - 11:13
Oct 26, 2026 - 11:14
 0  1
विद्यालय में हुई संकुल स्तरीय गणित, विज्ञान एवं संस्कृत बोध प्रतियोगिता

चित्रकूट। बैजनाथ भारद्वाज सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बड़ी पुलिया में संकुल स्तरीय गणित, विज्ञान एवं संस्कृत बोध प्रतियोगिता हुई। इस शैक्षणिक महाकुंभ का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में गणितीय कौशल, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता और अपनी प्राचीन संस्कृत भाषा के प्रति गहरी रुचि व जागरूकता विकसित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डायट प्राचार्य बीके शर्मा, डायट प्रवक्ता राजेश उपाध्याय, सौरभ चंद्र सविता, झाँसी संभाग के संभाग निरीक्षक शिवकरण तथा संकुल प्रमुख एवं सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज शास्त्री नगर बाँदा के प्रधानाचार्य रमेश गुप्ता की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्याम सुंदर मिश्रा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डायट प्राचार्य ने कहा कि विज्ञान, गणित और संस्कृति का यह त्रिवेणी संगम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक प्रयोग, तार्किक सोच और अपनी भारतीय संस्कृति से जुड़ाव ही सच्ची सफलता का आधार है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे हर नई चीज के पीछे के क्यों को समझें और निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी प्रतिभा को नई ऊँचाइयां दें। 

इसके पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य राघवेंद्र पांडेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिताओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसी शैक्षिक प्रतियोगिताएं बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना जगाने और उनकी छिपी हुई प्रतिभा को निखारने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। प्रतियोगिताओं के सफल और सुव्यवस्थित संचालन में वरिष्ठ आचार्य शिवनायक, व्यवस्था प्रमुख प्रशांत कुमार द्विवेदी तथा संकुल विज्ञान प्रमुख धीरेंद्र बाजपेयी का विशेष योगदान रहा। संचालन सौरभ चंद्र सविता व सहायक शिक्षक राम सिंह ने किया। प्रधानाध्यापक संतोष सिंह ने निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0