बांदा के कुमार सुगंध बने कर्नल, तीनों पुत्र सेना में उच्च पदों पर तैनात
नगर पालिका परिषद बांदा के पूर्व चेयरमैन राजकुमार राज के परिवार ने देशसेवा के क्षेत्र में एक और उपलब्धि हासिल की है...
बांदा। नगर पालिका परिषद बांदा के पूर्व चेयरमैन राजकुमार राज के परिवार ने देशसेवा के क्षेत्र में एक और उपलब्धि हासिल की है। उनके दूसरे पुत्र लेफ्टिनेंट कर्नल कुमार सुगंध को कर्नल पद पर प्रोन्नत किया गया है। इस उपलब्धि से परिवार सहित जनपद में हर्ष का माहौल है। विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
पूर्व चेयरमैन राजकुमार राज ने बताया कि उनके दूसरे पुत्र कुमार सुगंध को सेना में कर्नल पद पर प्रोन्नति मिली है। जल्द ही आयोजित होने वाले सैन्य रैंक अलंकरण समारोह में उन्हें कर्नल पद का रैंक प्रदान किया जाएगा।
राजकुमार राज के तीनों पुत्र देश की सेवा में जुटे हैं। उनके बड़े पुत्र कुमार सौरभ भारतीय वायु सेना में ग्रुप कैप्टन के पद पर कार्यरत हैं, जबकि सबसे छोटे पुत्र कुमार सौभाग्य भारतीय थल सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं। वहीं, दूसरे पुत्र कुमार सुगंध की कर्नल पद पर प्रोन्नति से परिवार की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया है।
राजकुमार राज के मुताबिक, उनके तीनों पुत्रों ने अलग-अलग समय पर 22 से 24 वर्ष की आयु में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) की परीक्षा उत्तीर्ण की और देशसेवा के मार्ग पर आगे बढ़े। तीनों पुत्रों के सेना में उच्च पदों पर कार्यरत होने पर उन्होंने गर्व व्यक्त किया।
कुमार सुगंध की प्रोन्नति पर सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार शिवहरे, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अमित सेठ भोलू, वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी सुनील सक्सेना, मनोज जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र त्रिपाठी, श्यामबाबू पाल, सपा युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव ओमनारायण त्रिपाठी विदित, पूर्व विधायक राजकुमार शिवहरे, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रद्युम्न कुमार लालू दुबे, बसपा जिलाध्यक्ष गुलाब वर्मा और अभिषेक खरे खंचू सहित अन्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की। सभी ने कुमार सुगंध को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
