रागौल रेलवे स्टेशन पर मिला महिला यात्री का पर्स, RPF ने सुरक्षित लौटाया
रागौल रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान आरपीएफ कर्मियों को मिला एक महिला यात्री का पर्स सुरक्षित रूप से उसके मालिक तक पहुंचाया गया...
पर्स में 1,620 रुपये नकद और करीब 65 हजार रुपये के सोने के आभूषण थे मौजूद
रागौल/हमीरपुर। रागौल रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान आरपीएफ कर्मियों को मिला एक महिला यात्री का पर्स सुरक्षित रूप से उसके मालिक तक पहुंचाया गया। पर्स में नकदी के साथ सोने के आभूषण और दवाएं भी मौजूद थीं।
जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को पत्रकार राकेश निगम को स्टेशन के बाहर सर्कुलेटिंग एरिया में एक लेडीज पर्स मिला। उन्होंने पर्स को हाल्टिंग ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक पप्पू, रमजान खान और आरक्षक अनिल कुमार की मौजूदगी में स्टेशन प्रबंधक के समक्ष सुपुर्द कर दिया।
पहचान के बाद महिला को सौंपा पर्स
25 अगस्त को गुलब्शा पत्नी अरशद, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम गुसियारी, थाना मौदहा, जिला हमीरपुर, आरपीएफ चौकी रागौल पहुंचीं। उन्होंने बताया कि वह 24 अगस्त को गाड़ी संख्या 12535 से लखनऊ से रागौल आई थीं और इसी दौरान उनका पर्स स्टेशन पर कहीं गिर गया था।
आरपीएफ द्वारा महिला की पहचान सुनिश्चित करने के बाद पर्स उन्हें चेक कराया गया। जांच में पर्स के अंदर सभी सामान सुरक्षित मिला।
करीब 70 हजार रुपये का सामान सुरक्षित
आरपीएफ के अनुसार पर्स में 1,620 रुपये नकद, करीब 5 ग्राम वजन के सोने के कान के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 65 हजार रुपये, तथा दवाएं मौजूद थीं। पर्स में मौजूद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई।
सभी सामान सुरक्षित मिलने पर महिला यात्री गुलब्शा ने खुशी जताई और आरपीएफ कर्मियों के कार्य की सराहना की। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में पर्स को उसमें मौजूद समस्त सामान और नकदी सहित महिला को सुपुर्द कर दिया गया।
आरपीएफ की इस कार्रवाई को यात्रियों के सामान की सुरक्षा और ईमानदारी की मिसाल के रूप में सराहा जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
