धूमधाम से संपन्न हुआ ‘गंगा उत्सव’, नदी संरक्षण और स्वच्छता का लिया गया संकल्प
जिला गंगा समिति हमीरपुर के तत्वावधान में जिलाधिकारी के आदेशानुसार एवं प्रभागीय वनाधिकारी के दिशा-निर्देश में ‘गंगा उत्सव’ का आयोजन...
सदर विधायक, पालिकाध्यक्ष, डीएम और डीएफओ सहित प्रशासनिक अधिकारियों व नागरिकों की रही गरिमामय उपस्थिति
हमीरपुर। जिला गंगा समिति हमीरपुर के तत्वावधान में जिलाधिकारी के आदेशानुसार एवं प्रभागीय वनाधिकारी के दिशा-निर्देश में ‘गंगा उत्सव’ का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर जन-जागरण और नदी संरक्षण के उद्देश्य से विभिन्न सांस्कृतिक एवं प्रेरक गतिविधियों का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद उपस्थित रहे। प्रशासनिक अमले से जिलाधिकारी अशोक कुमार (आईएएस) तथा प्रभागीय वनाधिकारी अरविंद कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और गंगा तथा अन्य सहायक नदियों की स्वच्छता व अविरलता बनाए रखने पर बल दिया।
समारोह में उप जिलाधिकारी (न्यायिक) आलोक प्रताप सिंह, अतिरिक्त उप जिलाधिकारी पैगाम हैदर, ट्रेनी उप जिलाधिकारी सुश्री सोनम यादव, क्षेत्रीय वनाधिकारी राजेश कुमार, नमामि गंगे के जिला परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह, तथा जिला गंगा व पर्यावरण समिति के सदस्य राजेंद्र वीर सिंह चौहान (अधिवक्ता) ने सहभागिता की। इसके अलावा शमी सेवा ट्रस्ट के कामेंद्र सिंह परिहार, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य श्रीमती सरस्वती देवी और योग प्रशिक्षिका श्रीमती पूनम देवी भी मंच पर उपस्थित रहीं।
उत्सव के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण व जल संरक्षण पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से जनमानस को जागरूक किया। वक्ताओं ने दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और नदियों के तटों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वन विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, बच्चे और भारी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। संपूर्ण कार्यक्रम का कुशल संचालन देशराज रत्नाकर द्वारा किया गया। अंत में उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
