झांसी CGST घूसकांड : CBI ने कसा शिकंजा, 4 अफसर व 1 कर्मचारी तलब
झांसी में सामने आए CGST घूसकांड मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है...
लखनऊ में पूछताछ, पोस्टिंग पैटर्न की भी जांच शुरू
झांसी। झांसी में सामने आए CGST घूसकांड मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। इस प्रकरण में झांसी में तैनात CGST विभाग के चार अधिकारियों और एक कर्मचारी को पूछताछ के लिए लखनऊ तलब किया गया है। समन जारी होते ही CGST विभाग में हड़कंप मच गया है।
CBI सूत्रों के अनुसार, मामले में अधीक्षक शैलेंद्र कुमार धूसिया से विस्तृत पूछताछ की जाएगी। इसके साथ ही अधीक्षक आशीष अवस्थी को भी लखनऊ बुलाया गया है। जांच एजेंसी के रडार पर निरीक्षक प्रशांत विश्वकर्मा और निरीक्षक नरेंद्र कुमार भी हैं, जिनसे घूसकांड से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर सवाल-जवाब होंगे। इसके अलावा विभाग में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर रोहित कुमार तिवारी को भी पूछताछ के लिए तलब किया गया है।
CBI इस मामले में केवल घूस लेने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि पूरे सिस्टम में संभावित गड़बड़ियों की भी पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसी झांसी CGST कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के पोस्टिंग पैटर्न की जांच कर रही है। खासतौर पर संवेदनशील पदों पर लंबे समय से तैनाती को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि CBI को आशंका है कि घूसकांड किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं, बल्कि इसके पीछे एक संगठित तंत्र काम कर सकता है। इसी कारण जांच को व्यापक रूप देते हुए विभागीय कार्यप्रणाली, फाइल मूवमेंट और डिजिटल रिकॉर्ड की भी बारीकी से समीक्षा की जा रही है।
CBI की सख्त कार्रवाई के संकेतों से CGST विभाग में खलबली मची हुई है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
