राजकीय हाई स्कूल अम्बावाय में ‘अंबोत्सव – उड़ान सपनों की’ का भव्य आयोजन
राजकीय हाई स्कूल अम्बावाय, झांसी में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम ‘अंबोत्सव – उड़ान सपनों की’ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया...
वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण समारोह में सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां
झांसी। राजकीय हाई स्कूल अम्बावाय, झांसी में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम ‘अंबोत्सव – उड़ान सपनों की’ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विशिष्ट अतिथि श्रीमती रती वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक झांसी द्वारा सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत फीता काटकर विद्यालय के नवनिर्मित मल्टीपरपज हाल का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रगति आख्या शिक्षिका श्रीमती श्वेता रिछारिया द्वारा प्रस्तुत की गई। विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों में सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, कथक नृत्य, पिरामिड, पंजाबी भांगड़ा, बुंदेली लोकगीत, हरियाणवी एवं राजस्थानी लोक नृत्य शामिल रहे। झांसी की वीरांगना पर आधारित ‘मणिकर्णिका’ के जीवन पर नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसके अतिरिक्त नरसिंह भगवान पर आधारित नाटक, करियर गाइडेंस पर लघु नाटक तथा इको क्लब विषयक प्रस्तुति ने दर्शकों को प्रेरित किया।
समारोह में मुख्य अतिथि श्रीमती रती वर्मा द्वारा उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं तथा वर्तमान सत्र की प्रतियोगिताओं, खेलों, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, सर्वाधिक उपस्थिति एवं आज्ञाकारी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी एवं शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से श्रीमती कवलप्रीत कौर, श्रीमती श्वेता रिछारिया, श्रीमती रचना शुक्ला, श्रीमती सुमेधा नागर, श्रीमती निधि गुप्ता, श्रीमती सोमवती एवं अभिषेक कुमार पाल की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती कवलप्रीत कौर एवं सुमेधा नागर द्वारा किया गया।
अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रचना आनंद ने मुख्य अतिथि, आमंत्रित प्रधानाचार्यों, गणमान्य नागरिकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
