चित्रकला प्रतियोगिता में छात्रों ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

यातायात जागरूकता अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा जिलेभर में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति...

Nov 19, 2026 - 10:11
Nov 19, 2026 - 10:11
 0  1
चित्रकला प्रतियोगिता में छात्रों ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

जागरूकता रैली निकाली, विकास पथ सेवा संस्थान ने प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

चित्रकूट। यातायात जागरूकता अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा जिलेभर में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर प्रतियोगिताएं, जनसभाएं, बैठकें और जागरूकता रैली आयोजित की जा रही हैं।

इसी क्रम में यातायात पुलिस एवं विकास पथ सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में कल्याण भारती इंटर कॉलेज कर्वी में यातायात जागरूकता चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी चित्रकला के माध्यम से यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं से बचाव का संदेश दिया। प्रतियोगिता में रवि कुमार ने प्रथम, दिव्यपाल ने द्वितीय तथा रोहित कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सुचेता नामदेव एवं रोहित प्रजापति को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सभी विजेता बच्चों को विकास पथ सेवा संस्थान की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यातायात प्रभारी निरीक्षक हरिराम यादव ने बच्चों की चित्रकला प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और चित्रों के माध्यम से यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा का महत्वपूर्ण संदेश दिया है। यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। बच्चों को स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी हेलमेट, सीट बेल्ट तथा सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना चाहिए। विकास पथ सेवा संस्थान के अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा आज समाज की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता है। यातायात नियमों की जानकारी और उनका पालन ही सड़क दुर्घटनाओं को कम करने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्रधानाचार्य कल्पना राजपूत ने किया। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक जेपी राजपूत ने की। इस अवसर पर कांस्टेबल राम किशन, कांस्टेबल जागेश्वर प्रसाद, कांस्टेबल चंद्रवीर सिंह, कांस्टेबल अजय कुमार यादव, धीरेंद्र कुमार, सुवेदिता जायसवाल, रमेश कुमार, सुहानी पांडेय आदि उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के समापन के बाद बच्चों ने जागरूकता रैली भी निकाली। रैली के माध्यम से बच्चों ने आमजन को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0