बुंदेली लोक संस्कृति का महाकुंभ : 25 दिसंबर को बड़ोखर खुर्द में होगा बुंदेली दीवारी महोत्सव मेला
बुंदेलखंड की प्राचीन एवं ऐतिहासिक लोक संस्कृति को संरक्षित और जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से नटराज जन कल्याण समिति...
बांदा। बुंदेलखंड की प्राचीन एवं ऐतिहासिक लोक संस्कृति को संरक्षित और जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से नटराज जन कल्याण समिति, ग्राम बड़ोखर खुर्द, जनपद बांदा द्वारा बुंदेली दीवारी महोत्सव मेला का आयोजन विगत दो दशकों से निरंतर किया जा रहा है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 25 दिसंबर 2025 को बुंदेली दीवारी महोत्सव मेला का भव्य आयोजन किया जाएगा।
यह महोत्सव बुंदेलखंड की विलुप्त होती लोक कलाओं को उजागर करने एवं भावी पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन चुका है। नटराज जन कल्याण समिति द्वारा संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार तथा लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, लखनऊ के सहयोग से इस एक दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
महोत्सव में चित्रकूटधाम मंडल के चारों जनपदों सहित पूरे बुंदेलखंड से दीवारी लोक कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान बुंदेली लोक संस्कृति की विविध विधाओं का मंचन किया जाएगा, जिनमें प्रमुख रूप से बुंदेली दीवारी पाई डंडा लोक नृत्य, आल्हा गायन, राई नृत्य, रावला नृत्य, जवारा नृत्य, चंगेलिया नृत्य, बेडिनी नृत्य, वहुरूपिया नृत्य, नौटंकी, धोबिया नृत्य, आदिवासी कोलताई नृत्य एवं कर्मा नृत्य जैसी पारंपरिक कलाओं की प्रस्तुति शामिल है।
आयोजक समिति द्वारा कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी लोक कलाकार दलों को सम्मानित किया जाएगा तथा उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप पारितोषिक भी प्रदान किया जाएगा। आयोजन समिति का उद्देश्य बुंदेली लोक परंपराओं को संरक्षण प्रदान करते हुए सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखना है।
नटराज जन कल्याण समिति के सचिव रमेश पाल ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस सांस्कृतिक महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बुंदेली लोक संस्कृति के संरक्षण में अपनी सहभागिता निभाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
