बांदा रेलवे स्टेशन पर 92.934 किलो गांजा बरामद, दो पुरुष और तीन महिलाओं समेत पांच अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रेलवे सुरक्षा बल, क्राइम विंग झांसी और जीआरपी बांदा की संयुक्त टीम...
बेतवा एक्सप्रेस के ए-1 कोच से पकड़े गए आरोपी, जब्त गांजे की कीमत करीब 46.46 लाख रुपये; रायपुर से कानपुर ले जा रहे थे खेप
बांदा। रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रेलवे सुरक्षा बल, क्राइम विंग झांसी और जीआरपी बांदा की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन नारकोस के तहत 18 नवंबर 2026 को संयुक्त टीम ने बांदा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ट्रेन से उतरे पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 92.934 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 46 लाख 46 हजार 700 रुपये बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल बांदा, डिटेक्टिव विंग झांसी और जीआरपी बांदा की टीम ने ट्रेन संख्या 18203 बेतवा एक्सप्रेस के ए-1 कोच में चेकिंग की। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आरएमएस डाकघर के सामने पांच संदिग्धों को आठ ट्रॉली, कैरी और पिट्ठू बैगों के साथ पकड़ा गया। तलाशी लेने पर इन बैगों से कुल 92.934 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई दोपहर करीब 13:05 बजे की गई।
पकड़े गए आरोपियों में दो पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि गांजा रायपुर, छत्तीसगढ़ से लेकर घाटमपुर, कानपुर जा रहे थे। वहां किसी व्यक्ति को गांजा सौंपना था, हालांकि वे उस व्यक्ति को नहीं जानते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद नागाईच निवासी ग्राम निवाहों, थाना पाली, जिला ललितपुर; अतुल सोनी निवासी राजेंद्र नगर, उरई, जिला जालौन; नेहा पत्नी आनंद नागाईच निवासी ललितपुर; मीनाक्षी सोनी पत्नी अतुल सोनी निवासी उरई और मधु पाड़े निवासी धमधा दुर्ग, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है।
इस मामले में जीआरपी थाना बांदा में मुकदमा अपराध संख्या 68/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बांदा की निरीक्षक सुरुचि द्विवेदी, कांस्टेबल सतीश कुमार यादव और तेज सिंह; क्राइम विंग झांसी के सहायक उपनिरीक्षक नवीन कुमार, प्रधान आरक्षी तौसीफ खान और आरक्षी गुरमीत सिंह तथा जीआरपी बांदा के निरीक्षक हरिनाथ सिंह, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य स्टाफ शामिल रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
