बुंदेलखंड की महिला किसान का कमाल, देशी अरहर दाल और कठिया गेहूं के दलिया को दिलाई पहचान
बुंदेलखंड की वीर बेटियां आज केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अपने परिश्रम और नवाचार से वर्तमान में भी आत्मनिर्भरता...
बांदा। बुंदेलखंड की वीर बेटियां आज केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अपने परिश्रम और नवाचार से वर्तमान में भी आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। प्रदेश में मनाए जा रहे ‘वीरांगना सप्ताह’ के अवसर पर बांदा जिले के ग्राम पचुल्ला की प्रगतिशील महिला किसान लीलावती देवी नारी शक्ति और महिला उद्यमिता की सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई हैं। प्राकृतिक खेती और कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण के जरिए वह ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
लीलावती देवी ‘एक नवयुवक किसान प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड’ (एफपीओ) का संचालन कर रही हैं। इस संगठन के माध्यम से प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने के साथ स्थानीय कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण और पैकेजिंग भी किया जा रहा है। उनके एफपीओ द्वारा तैयार देशी अरहर की दाल, श्रीअन्न उत्पाद और बुंदेलखंड का प्रसिद्ध कठिया गेहूं का दलिया बाजार में अपनी पहचान बना रहे हैं।
कृषि मंत्री ने किया था सम्मानित
लीलावती देवी के कार्यों को देखते हुए अक्टूबर माह में कानपुर में आयोजित संयुक्त मंडलीय रबी उत्पादकता गोष्ठी में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया था। यह सम्मान उनके कृषि क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और उपलब्धियों को मान्यता देने वाला है।
सरकारी योजनाओं से मिली नई पहचान
लीलावती देवी अपनी सफलता का श्रेय प्रदेश सरकार की नीतियों, एफपीओ प्रोत्साहन योजना और मिशन शक्ति अभियान को देती हैं। उनका मानना है कि तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण और बाजार की उपलब्धता से ग्रामीण महिलाएं घर की दहलीज से निकलकर कृषि उद्यमी बनने की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं।
वीरांगना सप्ताह के अवसर पर लीलावती देवी की यह उपलब्धि संदेश देती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और उचित सहयोग के सहारे ग्रामीण महिलाएं भी कृषि क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। बुंदेलखंड की धरती पर उनकी यह पहल महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानी बन रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
