उरई मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग परीक्षा विवाद गरमाया : प्रधानाचार्य व उप प्रधानाचार्य के प्रवेश पर रोक, तीन सदस्यीय जांच समिति गठित

राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में बीएससी नर्सिंग के परीक्षा परिणाम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब प्रशासनिक कार्रवाई तक पहुंच गया है...

Nov 20, 2026 - 18:01
Nov 20, 2026 - 18:02
 0  6
उरई मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग परीक्षा विवाद गरमाया : प्रधानाचार्य व उप प्रधानाचार्य के प्रवेश पर रोक, तीन सदस्यीय जांच समिति गठित

लगभग 50 प्रतिशत छात्रों के अनुत्तीर्ण होने के बाद भड़का आंदोलन, कार्यालय में तोड़फोड़ व ऑडियो रिकॉर्डिंग पर 24 घंटे में मांगा गया स्पष्टीकरण

उरई (जालौन)। राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में बीएससी नर्सिंग के परीक्षा परिणाम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब प्रशासनिक कार्रवाई तक पहुंच गया है। नर्सिंग के छात्र-छात्राओं के आंदोलन, प्रधानाचार्य का पुतला दहन और कॉलेज परिसर में हुए हंगामे के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद कुमार शर्मा और उप प्रधानाचार्य डॉ. अश्वेंद्र सिंह के कॉलेज परिसर में प्रवेश पर जांच पूरी होने तक रोक लगा दी गई है। वहीं, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन भी किया गया है।

मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी की ओर से जारी विभागीय निर्देशों के मुताबिक, बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के परीक्षा परिणाम में लगभग 50 प्रतिशत छात्र-छात्राओं के अनुत्तीर्ण होने के बाद विवाद ने तूल पकड़ा। इस संबंध में छात्र-छात्राओं की ओर से दिए गए प्रत्यावेदन को अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ के कुलसचिव को भेजते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि परीक्षा से संबंधित प्रक्रिया और परिणाम घोषित करने का अधिकार विश्वविद्यालय स्तर पर है।

इसके बावजूद मामला शांत नहीं हुआ। प्रधानाचार्य डॉ. त्रिवेदी का आरोप है कि कुछ छात्र-छात्राएं बाहरी व्यक्तियों के साथ उनके कार्यालय पहुंचे और वहां अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए अभद्र व्यवहार तथा तोड़फोड़ की गई। इसी घटनाक्रम को लेकर उन्होंने तत्काल प्रभाव से जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।

तीन सदस्यीय समिति करेगी पूरे प्रकरण की जांच

मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से गठित जांच समिति में डॉ. आर.एन. सिंह कुशवाहा, उप प्रधानाचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई को अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं डॉ. पुनीत एम. अवस्थी, सह आचार्य एवं विभागाध्यक्ष, फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग तथा डॉ. अफरीना नासिर, सह आचार्य एवं विभागाध्यक्ष, बायोकेमिस्ट्री विभाग को सदस्य नामित किया गया है।

समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वह पूरे प्रकरण की जांच कर तथ्यों के आधार पर अपनी स्पष्ट संस्तुति सहित जांच आख्या प्रधानाचार्य कार्यालय में प्रस्तुत करे। जांच के दौरान घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा।

ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर दोनों अधिकारियों से मांगा जवाब

इस मामले में मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद कुमार शर्मा और उप प्रधानाचार्य डॉ. अश्वेंद्र सिंह को अलग-अलग विभागीय पत्र जारी किए हैं। पत्र में उल्लेख किया गया है कि बीएससी नर्सिंग के छात्र-छात्राओं के बीच परीक्षा एवं परिणाम से संबंधित बातचीत की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग प्रशासन को प्राप्त हुई है।

प्रशासन ने संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग दोनों अधिकारियों को व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराते हुए निर्देश दिया है कि वे इस संबंध में अपना-अपना स्पष्टीकरण अलग-अलग बंद लिफाफे में 24 घंटे के भीतर प्रधानाचार्य कार्यालय में प्रस्तुत करें।

पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है और जब तक समिति अपनी जांच पूरी नहीं कर लेती, तब तक दोनों अधिकारियों का कॉलेज ऑफ नर्सिंग में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

आंदोलन के बाद प्रधानाचार्य ने भी जताई चिंता, लखनऊ के उच्चाधिकारियों को दी जानकारी

उधर, पूरे घटनाक्रम के बीच प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने फोन पर बातचीत में कहा कि पुलिस प्रशासन की मौजूदगी के बावजूद मेडिकल कॉलेज परिसर में जिस तरह आंदोलन हुआ और उनका पुतला जलाया गया, उसके बाद प्रधानाचार्य के रूप में यहां कार्य करना उनके लिए मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में लखनऊ में उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया है।

अब जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

फिलहाल मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग परीक्षा परिणाम को लेकर उठा विवाद कई स्तरों पर पहुंच गया है। एक तरफ छात्र-छात्राएं परीक्षा परिणाम को लेकर अपनी आपत्तियां उठा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कॉलेज प्रशासन ने कार्यालय में हुए कथित अभद्र व्यवहार और तोड़फोड़ की जांच शुरू करा दी है। इसके साथ ही नर्सिंग कॉलेज के दोनों शीर्ष अधिकारियों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि तीन सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट में क्या तथ्य सामने आते हैं? ऑडियो रिकॉर्डिंग में क्या है और दोनों अधिकारियों के स्पष्टीकरण के बाद कॉलेज प्रशासन क्या निर्णय लेता है? इन सभी सवालों के जवाब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।

फिलहाल राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई का यह विवाद शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा परिणाम और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0