महोबा में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ आयोजित, युवाओं को मतदान के प्रति किया जागरूक
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र महोबा के तत्वावधान में वीरभूमि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय...
‘अपना वोट जानें’ कार्यक्रम में यूथ आइकॉन ई. राजुल मिश्रा ने समझाई मतदाता की भूमिका, युवाओं को दिलाई गई लोकतांत्रिक मूल्यों की शपथ
महोबा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र महोबा के तत्वावधान में वीरभूमि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘विकसित भारत युवा संवाद: अपना वोट जानें (Know Your Vote)’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को ‘विकसित भारत@2047’ के राष्ट्रीय विजन से जोड़ने के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और मतदान के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार (उत्तर प्रदेश) से नामित यूथ आइकॉन ई. राजुल मिश्रा ने युवाओं को संबोधित करते हुए लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने मताधिकार का प्रयोग पूरी समझदारी, निष्पक्षता और बिना किसी प्रलोभन के करना चाहिए। उन्होंने ‘अपना वोट जानें’ अभियान के उद्देश्य बताते हुए नागरिकों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों, कर्तव्यों और चुनावी प्रक्रिया की जानकारी दी।
ई. राजुल मिश्रा ने डिजिटल माध्यमों और माय भारत पोर्टल के महत्व पर जोर देते हुए अधिक से अधिक युवाओं से इससे जुड़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, संविधान के प्रति निष्ठा और देश के विकास में युवाओं की सहभागिता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनप्रतिनिधि जितेंद्र मिश्रा और नीरज रावत उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने, देश की अखंडता की रक्षा करने और अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की शपथ दिलाई। अतिथियों ने युवाओं को देश का कर्णधार बताते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
जिला युवा अधिकारी सुशील कारोलिया ने माय भारत केंद्र की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि युवा विभिन्न अभियानों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। कार्यक्रम में पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं ने भी अपने सवाल अतिथियों के सामने रखे, जिनका जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
इस दौरान बैडमिंटन कोच कुणार्क पाटकार ने युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं, माय भारत के प्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और युवा स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में युवाओं ने राष्ट्र निर्माण, लोकतांत्रिक सहभागिता और मतदान के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
ये रहे उपस्थित : मेरा युवा भारत स्वयंसेवक महोबा अंश खरे, आयुष चौरसिया, अभिनय संगम द्विवेदी, धर्मेंद्र सेन, शिवेंद्र सहित जिले के अनेक युवा साथी एवं स्वयंसेवक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
