बांदा कृषि विवि में "यूथ कनेक्ट एवं विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट" का आयोजन 20 मार्च को

बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय आगामी 20 मार्च 2026 को युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम की मेजबानी करने जा...

Mar 18, 2026 - 16:48
Mar 18, 2026 - 16:52
 0  14
बांदा कृषि विवि में "यूथ कनेक्ट एवं विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट" का आयोजन 20 मार्च को

जिले के सफल युवाओं से संवाद और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की समझ बढ़ाएंगे छात्र

"आपातकाल के 50 वर्ष" विषय पर होगी वाद-विवाद प्रतियोगिता

जिले से 10 चुनिंदा प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा संसद में करेंगे बांदा का प्रतिनिधित्व

बांदा। बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय आगामी 20 मार्च 2026 को युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम की मेजबानी करने जा रहा है। विश्वविद्यालय परिसर में “यूथ कनेक्ट एवं विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026” का आयोजन किया जाएगा। यह गरिमामयी आयोजन विश्वविद्यालय और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (भारत सरकार) के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा।

इस आयोजन की रूपरेखा तय करने और तैयारियों की समीक्षा के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस. वी. एस. राजू की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आहूत की गई। बैठक में अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू) प्रो. अजीत सिंह, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम समन्वयक प्रो. आनंद चौबे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान कुलपति प्रो. राजू ने कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि चूंकि यह आयोजन जिला स्तर पर हो रहा है, इसलिए इसे केवल विश्वविद्यालय तक सीमित न रखकर जनपद के अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। कुलपति ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के विवरण के बारे में जानकारी देते हुए अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अजीत सिंह ने बताया कि इस "यूथ कनेक्ट" और "यूथ पार्लियामेंट" के अंतर्गत तीन प्रमुख गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पहली गतिविधि 'यूवा कनेक्ट' के माध्यम से छात्र-छात्राओं को जनपद के सफल युवाओं से सीधा संवाद करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे उनके अनुभवों से प्रेरणा ले सकें। दूसरी गतिविधि 'यूथ पार्लियामेंट' (युवा संसद) होगी, जिसके माध्यम से युवा विद्यार्थियों को देश की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को करीब से समझने और रूबरू होने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। कार्यक्रम की तीसरी कड़ी के रूप में भारतीय लोकतंत्र की ऐतिहासिक यात्रा पर केंद्रित “आपातकाल के 50 वर्ष भारतीय लोकतंत्र के लिए संदेश” विषय पर एक वाद-विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।

नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी विशाल सिंह इस पूरे कार्यक्रम के आयोजन सचिव की भूमिका निभा रहे हैं। उनके माध्यम से कार्यक्रम के लिए पंजीकरण और अन्य समन्वय कार्य किए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, जनपद बांदा के विभिन्न संस्थानों से कुल 70 उत्साही प्रतिभागियों ने इस कार्यक्रम के लिए अपना ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। इन पंजीकृत प्रतिभागियों में से जिला स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों के आधार पर शीर्ष 10 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। इन चयनित युवाओं को जिला युवा अधिकारी के माध्यम से राज्य स्तर पर आयोजित होने वाले आगामी "युवा संसद" कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए भेजा जाएगा, जहां ये युवा प्रतिभागी राज्य मंच पर जनपद बांदा का प्रतिनिधित्व करेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0