बांदा में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, विशेष चेकिंग अभियान में 70 से अधिक वाहनों के चालान
जनपद में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया...
हूटर, काली फिल्म, मॉडिफाइड साइलेंसर और बिना HSRP वाहनों पर कार्रवाई
वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति किया गया जागरूक
बांदा। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक चित्रकूटधाम मंडल राजेश एस एवं पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज तथा क्षेत्राधिकारी यातायात सौरभ सिंह के नेतृत्व में यातायात प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह ने अपनी टीम के साथ शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर व्यापक जांच अभियान संचालित किया।
अभियान के दौरान चार पहिया वाहनों में अवैध रूप से लगे हूटर, सायरन, काली फिल्म तथा ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों की जांच की गई। वहीं दो पहिया वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर और बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 70 से अधिक वाहनों के चालान किए गए।
यातायात प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने, मानक अनुरूप नंबर प्लेट लगवाने तथा वाहनों में अवैध संशोधन न कराने की अपील की।
इस दौरान टीएसआई निहाल सिंह सेंगर एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सुनील सक्सेना ने जागरूकता अभियान भी चलाया। वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, यातायात नियमों के पालन तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
