गैस किल्लत पर महिला सभा का हल्लाबोल : राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
पूरे देश सहित उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से रसोई गैस की भारी किल्लत और बढ़ती महंगाई के विरोध में समाजवादी महिला सभा...
बांदा। पूरे देश सहित उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से रसोई गैस की भारी किल्लत और बढ़ती महंगाई के विरोध में समाजवादी महिला सभा ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को महिला सभा की कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी बांदा के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने और सरकार की वादाखिलाफी पर कड़ा रोष व्यक्त किया गया।
महिलाओं की रसोई पर महंगाई की मार
ज्ञापन सौंपते हुए महिला नेताओं ने कहा कि गैस सिलेंडर की भारी किल्लत से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। यह मुद्दा सीधे तौर पर महिलाओं की रसोई और उनके बजट से जुड़ा है। पहले कमर तोड़ महंगाई और अब सिलेंडरों की अनुपलब्धता ने महिलाओं की जिंदगी को बद से बदतर बना दिया है।
सरकार के दावों को बताया 'हास्यास्पद'
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ जनता त्राहि-त्राहि कर रही है, वहीं दूसरी तरफ सरकार यह दावा कर रही है कि गैस की कोई कमी नहीं है। सरकार का यह बयान आम जनमानस और खासकर महिलाओं के जख्मों पर नमक छिड़कने के समान है।
आंदोलन की चेतावनी
महिला सभा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि समूचे भारत और विशेषकर उत्तर प्रदेश में गैस की सुचारू आपूर्ति जल्द सुनिश्चित नहीं की गई, तो समाजवादी लोग एक बड़े जन-आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ये रहे उपस्थित
इस दौरान मुख्य रूप से विशंभर निषाद, मधुसूदन कुशवाहा, ओम नारायण त्रिपाठी, ईशान सिंह लवी, किरण वर्मा, सुमन दिवाकर, रंजना सिंह, शगुफ्ता सिद्दीकी, राजकुमार गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता, कुतैबा जमा, निलेश श्रीवास, अबरार फारूकी, प्रियांशु गुप्ता, आशीष श्रीवास्तव सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
