बांदा पैरामेडिकल कॉलेज एंड नर्सिंग स्कूल का दूसरा दीक्षांत समारोह संपन्न

बांदा पैरामेडिकल कॉलेज एंड नर्सिंग स्कूल में दूसरा दीक्षांत समारोह कॉलेज ऑडिटोरियम में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया...

Aug 8, 2026 - 18:19
Aug 8, 2026 - 18:21
 0  16
बांदा पैरामेडिकल कॉलेज एंड नर्सिंग स्कूल का दूसरा दीक्षांत समारोह संपन्न

बीएससी नर्सिंग के छात्र-छात्राओं को प्रदान की गईं उपाधियां, नर्सिंग शपथ लेकर मानव सेवा का लिया संकल्प

बांदा। बांदा पैरामेडिकल कॉलेज एंड नर्सिंग स्कूल में दूसरा दीक्षांत समारोह कॉलेज ऑडिटोरियम में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में बीएससी नर्सिंग के सफल छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गईं। विद्यार्थियों ने नर्सिंग शपथ लेकर समाज और मानवता की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

समारोह में विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद बांदा की अध्यक्ष श्रीमती मालती बासु, सदर विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, भाजपा नेता हाजी आरिफ खान, प्रधान तिंदवारा संतराम राजपूत, रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य विजयाशांति एम, उप प्राचार्य अर्चना बेले, हाजी एफ.यू. खान, डॉ. साबिहा रहमानी, राबिया खातून, डॉ. टी.आर. सरसैया, डॉ. मोहित सिंह, वीरेंद्र कुमार त्रिपाठी, मेडिकल कॉलेज चौकी प्रभारी सुनील सक्सेना एवं समाजसेवी सुनील सक्सेना सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

नर्सिंग सेवा, समर्पण और मानवता का प्रतीक : रजत सेठ

सदर विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ ने विधायक प्रकाश द्विवेदी का संदेश पढ़कर सुनाया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नर्सिंग का पेशा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज और जरूरतमंदों के हित में करने का आह्वान किया।

प्रशिक्षित नर्सिंग प्रोफेशनल्स स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ : मालती बासु

गेस्ट ऑफ ऑनर मालती बासु ने सभी उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित नर्सिंग प्रोफेशनल्स स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

दीक्षांत समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आकर्षक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभागार में उत्साह और उल्लास का माहौल बना दिया। अतिथियों एवं दर्शकों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की जमकर सराहना की।

समारोह के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों एवं संस्थान की ओर से सेवा और मानवता का संदेश दिया गया।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों पर जोर

कॉलेज के चेयरमैन मकबूल अली खां, निदेशक डॉ. जरीना खातून एवं आयोजक/भाजपा नेता हाजी आरिफ खान (मुख्य हज ट्रेनर) ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उत्कृष्ट नैतिक एवं व्यावसायिक मूल्यों से भी परिपूर्ण बनाना है।

उन्होंने समारोह को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0