76वें गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य आयोजन
पुलिस लाइंस बांदा में 76वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। परेड ग्राउंड की भव्य साज-सज्जा...

बाँदा। पुलिस लाइंस बांदा में 76वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। परेड ग्राउंड की भव्य साज-सज्जा और परेड का प्रदर्शन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। पुलिस जवानों के चलते कदम और बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मंडलायुक्त चित्रकूटधाम मंडल, पुलिस उप-महानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, जिलाधिकारी बांदा और अन्य गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
भव्य परेड और शानदार प्रदर्शन
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित परेड का नेतृत्व प्रथम परेड कमांडर क्षेत्राधिकारी श्री प्रवीण कुमार यादव ने किया। इसमें कुल छह टोलियां, जिनमें महिला टोली भी शामिल थी, परेड का हिस्सा बनीं। परेड में फायर ब्रिगेड, श्वान दस्ता, फील्ड यूनिट, शक्ति मोबाइल, डायल 112, दंगा नियंत्रण वाहन और विशेष सुरक्षा बलों ने शानदार प्रदर्शन किया।
परेड में मोटरसाइकिल दस्ते ने तिरंगा लहराते हुए अपनी तत्परता का प्रदर्शन किया, जो जनता के बीच आकर्षण का केंद्र बना। परेड के बाद बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागी विद्यालयों में अखंड हिंद फौज, भगवत प्रसाद ओमर वैश्य इंटर कॉलेज, अटल आवासीय विद्यालय, गुरुकुलम् कथक साधना केंद्र, गुरुराम राय पब्लिक स्कूल, सेंट मैरी और नटराज विद्यालय प्रमुख रहे। मुख्य अतिथि ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कार प्रदान किए।
सम्मान और पुरस्कार वितरण
समारोह के दौरान गृह मंत्रालय द्वारा उपनिरीक्षक चेतन स्वरूप सिंह को उत्कृष्ट सेवा पदक और ₹50,000 का नकद पुरस्कार दिया गया। आरक्षी ओम प्रकाश यादव को भी उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, 28 पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन आयुषी त्रिपाठी (रिया) और राहुल जैन ने किया। समारोह में मंडलायुक्त अजीत कुमार, पुलिस उप-महानिरीक्षक अजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी श्रीमती जे. रीभा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
What's Your Reaction?






