"जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट" अभियान को लेकर प्रशासन सख्त, हाईवे पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर होगी कड़ी कार्रवाई

राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और मुख्यमंत्री के "जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट" अभियान को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन...

Jul 22, 2026 - 19:12
Jul 22, 2026 - 19:25
 0  16
"जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट" अभियान को लेकर प्रशासन सख्त, हाईवे पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर होगी कड़ी कार्रवाई

एडीएम की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की अहम बैठक संपन्न

ब्लैक स्पॉट सुधारीकरण, ओवरलोडिंग और रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर नकेल कसने के निर्देश

छुट्टा पशुओं से होने वाले हादसों पर लगेगी लगाम, दुर्घटनाओं के त्वरित राहत कार्य पर जोर

बांदा। राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और मुख्यमंत्री के "जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट" अभियान को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन सख्त मोड में आ गया है। बुधवार को एडीएम (वित्त एवं राजस्व) कुमार धर्मेन्द्र की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन समीक्षा की गई।

टास्क फोर्स की समीक्षा और अवैध पार्किंग पर सख्ती

बैठक के दौरान डिस्ट्रिक्ट हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स और डेडिकेटेड हाईवे सर्विलांस टीम के अब तक के कार्यों का आकलन किया गया। एडीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया जाए। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) को चिह्नित कर उनके सुधारात्मक कार्यों में तेजी लाई जाए। इसके साथ ही ओवरलोडिंग, गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में वाहन चलाने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त प्रवर्तन (चालान) कार्रवाई जारी रखने पर बल दिया गया। ढाबों, होटलों और पेट्रोल पंपों के सामने भी सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ई-चालान प्रणाली और हाईवे पेट्रोलिंग पर जोर

दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत के लिए एंबुलेंस, क्रेन और पुलिस रिस्पांस वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। सीसीटीवी, एटीएमएस (ATMS) एवं ई-चालान प्रणाली के जरिए निगरानी बढ़ाने और हाईवे पेट्रोलिंग को और अधिक सक्रिय करने पर जोर दिया गया। राजमार्गों पर बने अवैध कट और अनधिकृत प्रवेश व निकास मार्गों को तत्काल बंद कराने के साथ ही साइनेज, क्रैश बैरियर, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग एवं प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के सख्त निर्देश दिए गए।

छुट्टा पशुओं के हादसों और हिट-एंड-रन पर बनी रणनीति

सड़कों पर निराश्रित एवं छुट्टा पशुओं के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए विशेष चर्चा की गई। एडीएम ने हिट एंड रन मामलों में पीड़ितों को तुरंत राहत राशि देने, गुड सेमेरिटन (नेक मददगार) और राहवीर योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। बैठक में वर्ष 2025-26 के दुर्घटना आंकड़ों का विश्लेषण करते हुए एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, परिवहन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही प्रत्येक थाना क्षेत्र में क्रेन व एंबुलेंस के आपातकालीन संपर्क नंबर अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, एआरटीओ श्यामलाल, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता, डीआईओएस, बीएसए, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सुनील सक्सेना, मंडलीय यातायात मास्टर ट्रेनर पीयूष मिश्रा, यातायात प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह और पीडब्ल्यूडी से सूर्य कुमार तिवारी सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0