गेहूं खरीद व्यवस्था पर डीएम सख्त, मंडी के क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण
जनपद में गेहूं खरीद व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी अमित आसेरी एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंडी स्थित विभिन्न गेहूं...
किसानों से सीधे संवाद कर समस्याएं सुनीं, पारदर्शिता और सुविधाओं को लेकर दिए कड़े निर्देश
बांदा। जनपद में गेहूं खरीद व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी अमित आसेरी एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंडी स्थित विभिन्न गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान खरीद प्रक्रिया, केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं तथा किसानों को मिल रही सेवाओं की बारीकी से पड़ताल की गई।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और खरीद प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संचालित की जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक क्रय केंद्र पर सत्यापन करने वाले कर्मचारियों का नाम, पदनाम और संपर्क विवरण स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए। इससे किसानों को जानकारी आसानी से मिल सके और अनावश्यक भ्रम की स्थिति न बने। उन्होंने केंद्रों पर पारदर्शिता और सुगमता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने सभी क्रय केंद्रों पर पेयजल, छाया और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही टोकन व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने पर बल दिया, ताकि किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े और खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहे।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुमार धर्मेंद्र, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रशिक्षु रेखा सियाक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि गेहूं खरीद कार्य शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
