उत्तर प्रदेश का मौसम : पूर्वी जिलों में बारिश, पश्चिमी यूपी में लू का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में गर्मी के प्रकोप के बीच मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार...

Jun 12, 2025 - 12:05
Jun 12, 2025 - 14:02
 0  135
उत्तर प्रदेश का मौसम : पूर्वी जिलों में बारिश, पश्चिमी यूपी में लू का अलर्ट
AI Generated Images - Gemini AI

आगरा सबसे गर्म, तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट की संभावना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गर्मी के प्रकोप के बीच मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार यानी 12 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश के 11 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं दूसरी ओर, पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भीषण गर्मी और लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, गोरखपुर, महराजगंज, कुशीनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच और लखीमपुर खीरी में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

उधर, ललितपुर, झांसी, जालौन, महोबा, हमीरपुर, इटावा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, आगरा, हाथरस, अलीगढ़, बुलंदशहर, मेरठ और मथुरा जिलों में लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में दोपहर के समय घर से बाहर निकलने में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

तापमान में गिरावट की उम्मीद

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, पूर्वी यूपी में सक्रिय हो रहे वेदर सिस्टम के कारण बादलों की आवाजाही शुरू हो चुकी है। आने वाले 7 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं पश्चिमी यूपी में अगले दो दिनों में तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है।

आगरा में पारा 45.4 डिग्री के पार

प्रदेश के कई जिलों में गर्मी का कहर जारी है। बुधवार को आगरा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा झांसी, बांदा, लखनऊ, कानपुर, हमीरपुर, इटावा, वाराणसी, प्रयागराज, सुल्तानपुर और बलिया में पारा 42 से 44 डिग्री के बीच रहा।

दोपहर के समय इन जिलों में सड़कों पर सन्नाटा देखा गया और आमजन घरों में कैद रहने को मजबूर हो गए। रात के समय भी गर्म हवाएं लोगों को बेचैन करती रहीं।

चेतावनी: मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहें, धूप में बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और हाइड्रेटेड रहें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0