मंडल कारागार बाँदा में महिला बंदियों से ‘शक्ति संवाद’
महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत गुरुवार को मंडल कारागार, बांदा...
बांदा। महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत गुरुवार को मंडल कारागार, बांदा में महिला बंदियों के साथ शक्ति संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश बांदा श्रीमती अल्पना, जिलाधिकारी बांदा श्रीमती जे. रिभा एवं पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल ने महिला बैरक में निरुद्ध बंदियों से संवाद किया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला बंदियों को उनकी सुरक्षा, अधिकारों तथा सशक्तीकरण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था। संवाद के दौरान अधिकारियों ने शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी, जिनमें महिला हेल्पलाइन 1090, निःशुल्क विधिक सहायता, आपातकालीन पुलिस व स्वास्थ्य सेवाएं, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रमुख रूप से शामिल रहे।
महिला बंदियों को यह भी बताया गया कि रिहाई के पश्चात वे किन सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। साथ ही, किसी भी महिला संबंधी समस्या की स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान आत्मरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक सहयोग, मनो-सामाजिक परामर्श एवं पुनर्वास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। महिला बंदियों ने भी अपने अनुभव और विचार साझा किए।
अधिकारियों ने महिला बंदियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, विधिक सहायता, कौशल प्रशिक्षण तथा पुनर्वास से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए भविष्य में सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिला बंदियों में आत्मविश्वास जागृत करना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए स्वावलंबी बनाना रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
