शिक्षकों ने 12 सूत्रीय मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, सौपा ज्ञापन
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर बुधवार को जनपद के शिक्षकों ने अपनी लंबित और न्यायोचित मांगों को लेकर...
आर-पार के संघर्ष की दी चेतावनी
चित्रकूट। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर बुधवार को जनपद के शिक्षकों ने अपनी लंबित और न्यायोचित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में विभिन्न विकासखंडों से आए शिक्षक-शिक्षिकाओं ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने स्थित पुरानी कोतवाली परिसर में एकत्र होकर धरना दिया और हुंकार भरी।
प्रदर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री को संबोधित 12 सूत्रीय ज्ञापन सदर एसडीएम अजय यादव को सौंपा गया। इसके साथ ही बीएसए को संबोधित ज्ञापन संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को दिया। पुरानी कोतवाली परिसर में आयोजित धरना सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार पांडेय ने कहा कि आज का यह प्रदर्शन केवल विरोध नहीं, बल्कि शिक्षक समाज के स्वाभिमान और अधिकारों की सामूहिक आवाज है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिक्षकों की लंबे समय से लंबित मांगों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मांगों का सकारात्मक समाधान होने तक संगठन का यह लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा। सभा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों को लगातार गैरशैक्षणिक कार्यों और अनावश्यक प्रशासनिक दबाव में उलझाया जा रहा है। जिससे पठन पाठन प्रभावित हो रहा है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों को इन कार्यों से मुक्त कर अनुकूल वातावरण मिलना आवश्यक है। मांगों में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त, पदोन्नति में टीईटी की बाध्यता समाप्त कर प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के रिक्त पदों पर पदोन्नति, एसटीएफ जांच के आदेश तत्काल निरस्त करने, 12 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले परिषदीय शिक्षकों को चयन वेतनमान, विशेष श्रेणी के अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की लंबित सूची जारी हो और आगामी शीतकालीन अवकाश में स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी करने, ब्रिज कोर्स परीक्षा की अनावश्यक बाध्यताएं समाप्त करने सहित अन्य मांगे शामिल है। धरने में वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक गर्ग, जिला कोषाध्यक्ष हरिशंकर त्रिपाठी, जिला मंत्री नारायण सिंह संयुक्त मंत्री आराधना सिंह, नगर अध्यक्ष वंदना यादव, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष शाहनाज बानो, सदर ब्लॉक अध्यक्ष देव यादव, मानिकपुर ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक पांडेय, रामनगर ब्लॉक अध्यक्ष शिव भूषण त्रिपाठी और पहाड़ी ब्लॉक अध्यक्ष अमित पांडेय सहित कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया। इस मौके पर इंद्रेश श्रीवास्तव, अमित यादव, दिलीप शुक्ला, सतीश सिंह, समर सिंह, इरफान हुसैन आदि मौजूद रहे। संचालन सदर ब्लॉक मंत्री बृजेश त्रिपाठी ने किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
