झांसी : “पापा मुझे माफ कर देना…” ऑडियो के बाद किशोरी लापता, पिता ने जताई अनहोनी की आशंका

मऊरानीपुर थाना क्षेत्र से एक किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के लापता होने से पहले उसके पिता को भेजे गए कथित ऑडियो ने मामले को...

Sep 15, 2026 - 19:03
Sep 15, 2026 - 19:09
 0  21
झांसी : “पापा मुझे माफ कर देना…” ऑडियो के बाद किशोरी लापता, पिता ने जताई अनहोनी की आशंका

मऊरानीपुर में किशोरी के लापता होने से हड़कंप, पिता ने पुलिस से जल्द बरामदगी की लगाई गुहार

झांसी/मऊरानीपुर। मऊरानीपुर थाना क्षेत्र से एक किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के लापता होने से पहले उसके पिता को भेजे गए कथित ऑडियो ने मामले को गंभीर बना दिया है। पिता का दावा है कि ऑडियो में किशोरी ने कहा था कि “पापा मुझे माफ कर देना... मैं मरने जा रही हूं, मेरे साथ गलत हुआ है...” इसके बाद पिता ने बेटी के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द तलाश कर बरामद करने की मांग की है।

मऊरानीपुर क्षेत्र की रहने वाली किशोरी आदिति के पिता कृपेन्द्र सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी बेटी ने लापता होने से पहले उन्हें उक्त कथित ऑडियो भेजा था। पिता के अनुसार, किशोरी ने ऑडियो में अपनी मां से शिकायत करने की बात भी कही थी, लेकिन आरोप है कि उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी गैरमौजूदगी में एक व्यक्ति ने उनकी बेटी के साथ गलत करने का प्रयास किया था। उनका यह भी दावा है कि बेटी को घर में चल रहे कथित संबंधों की जानकारी हो गई थी, जिसका वह विरोध करती थी। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

कृपेन्द्र सिंह के मुताबिक वह काम के सिलसिले में उरई में रहते हैं और अक्सर घर से बाहर रहते हैं। इसी दौरान उन्हें बेटी का कथित ऑडियो मिला। बाद में जब वह घर पहुंचे तो उन्हें बेटी के लापता होने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने आशंका जताई कि कहीं किशोरी को बंधक तो नहीं बनाया गया या उसके साथ कोई अनहोनी तो नहीं हुई।

पिता के अनुसार, उनकी पत्नी ने 7 सितंबर 2026 को थाने में शिकायत दी थी। इसके बाद उन्होंने 8 सितंबर को पुलिस एवं उच्चाधिकारियों से शिकायत कर किशोरी की तलाश और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की।

वहीं, इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मुकेश सोलंकी का कहना है कि मां की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। किशोरी की लगातार तलाश की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ भी जारी है। पुलिस का कहना है कि किशोरी की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0