बांदा गौरव सम्मान एवं बांदा गॉट टैलेंट 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 अक्टूबर से शुरू, जानें पूरी जानकारी
जनपद की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली विभूतियों को सम्मानित करने के...
बांदा। जनपद की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली विभूतियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से 14 नवंबर 2026 को बांदा गौरव सम्मान 2026 का आयोजन किया जाएगा। ‘अपनी माटी–अपनों का उत्सव’ की थीम पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम बबेरू रोड स्थित मां शारदा पैलेस में संपन्न होगा। आयोजन को दो प्रमुख सत्रों में विभाजित किया गया है, जिसमें बांदा गॉट टैलेंट के माध्यम से गायन एवं नृत्य प्रतिभाओं को मंच मिलेगा, जबकि दूसरे सत्र में जनपद का गौरव बढ़ाने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
दो सत्रों में होगा कार्यक्रम
आयोजक मंडल के अनुसार, कार्यक्रम का पहला सत्र बांदा गॉट टैलेंट दोपहर दो बजे से शुरू होगा। इसमें गायन और नृत्य के क्षेत्र में प्रतिभा रखने वाले स्थानीय कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा। इसका उद्देश्य जनपद की उभरती प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
वहीं, दूसरा सत्र बांदा गौरव सम्मान शाम पांच बजे से आयोजित होगा। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, मेहनत, संघर्ष और उपलब्धियों से बांदा का नाम रोशन करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को प्रेरित करने और स्थानीय उपलब्धियों को पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
11 अक्टूबर से शुरू होगी पंजीकरण प्रक्रिया
आयोजक मंडल ने बताया कि बांदा गॉट टैलेंट के लिए पंजीकरण और बांदा गौरव सम्मान के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि पांच नवंबर निर्धारित की गई है। पांच से 10 नवंबर के बीच चयनित प्रतिभागियों और सम्मानित होने वाली विभूतियों के नामों की घोषणा की जाएगी। इसके बाद 14 नवंबर को मुख्य आयोजन होगा।
आवेदन एवं पंजीकरण से संबंधित जानकारी आयोजकों की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।
वेबसाइट: gauravsamman.reyanshsolutions.in
आयोजन को सफल बनाने की अपील
आयोजक मंडल ने सभी सदस्यों से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सुझाव देने, अधिक से अधिक प्रतिभाशाली कलाकारों एवं योग्य व्यक्तियों तक जानकारी पहुंचाने और तैयारियों में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है।
आयोजकों का उद्देश्य जनपद की प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना, स्थानीय विभूतियों की उपलब्धियों को सम्मान देना और बांदा की गौरवशाली पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
