पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के कारण मंदाकिनी नदी के जल स्तर में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी
अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ के दृष्टिगत रामघाट, निर्मोही अखाड़ा सहित अन्य बाढ़ प्रभावित निचले...
एडीजी ने रामघाट, निर्मोही अखाड़ा क्षेत्र का निरीक्षण कर मातहतों को निगरानी, सुरक्षा व राहत कार्य जारी रखने के दिए निर्देश
चित्रकूट। अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ के दृष्टिगत रामघाट, निर्मोही अखाड़ा सहित अन्य बाढ़ प्रभावित निचले क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस एवं अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय उपस्थित रहे। इस दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के कारण मंदाकिनी नदी के जलस्तर में लगातार उतार चढ़ाव का क्रम जारी है। वर्तमान में जलस्तर खतरे के निशान के करीब बना हुआ है तथा रामघाट के निचले घाट, दुकानें एवं निर्मोही अखाड़ा के समीप कुछ इलाकों में पानी प्रवेश कर गया है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, परन्तु एहतियात के तौर पर लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों, पुजारियों, दुकानदारों व नाविकों से वार्ता कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर रहने के लिए जागरूक किया। कहा कि मंदाकिनी का जलस्तर घट-बढ़ रहा है। चौकी प्रभारी रामघाट को निर्देशित किया कि हर एक घंटे में जलस्तर को नोट कर कंट्रोल रूम को अवगत करायें तथा खतरे की स्थिति में तत्काल अलर्ट जारी किया जाये। रामघाट व निर्मोही अखाड़ा क्षेत्र में जल पुलिस, पीएसी व एसडीआरएफ टीम के साथ समन्वय स्थापित कर 24 घंटे सतर्क दृष्टि बनाये रखने तथा निचले इलाकों में फंसे लोगों को तत्काल बाढ़ राहत शिविर में पहुंचाने के निर्देश दिए। कहा कि जलस्तर के घटने बढ़ने को देखते हुए घाटों की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं के स्नान व आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। लाउड हेलर से लगातार अनाउंसमेंट कराई जा रही है।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि जलस्तर अभी स्थिर नहीं है। घट-बढ़ रहा है। इसलिए नदी किनारे न जायें। अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 या जिला कंट्रोल रूम नंबर पर तत्काल सूचना दें। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्वी, चौकी प्रभारी रामघाट सहित पुलिस व प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
