संजीवनी भारत ट्रस्ट ने 'कोहिनूर' प्रतिभाओं को किया सम्मानित, समाज सेवा की अनूठी मिसाल पेश
"सम्मान व्यक्ति का नहीं, उसके श्रेष्ठ कार्यों का होता है।" इसी उद्देश्य के साथ संजीवनी भारत ट्रस्ट द्वारा जनपद की उन गुमनाम...
स्व. सतीदीन की स्मृति में हुआ भव्य आयोजन; 120 छात्राओं को स्वेटर वितरण, दीवारी नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
बांदा। "सम्मान व्यक्ति का नहीं, उसके श्रेष्ठ कार्यों का होता है।" इसी उद्देश्य के साथ संजीवनी भारत ट्रस्ट द्वारा जनपद की उन गुमनाम प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया, जो प्रचार से दूर रहकर समाज के नवनिर्माण में निःस्वार्थ भाव से जुटे हैं। समाजसेवी और पत्रकार स्व. सतीदीन की पुण्य स्मृति में आयोजित इस सम्मान समारोह में राजनीति, समाजसेवा और कला जगत की दिग्गज हस्तियों ने शिरकत की।
विशिष्ट अतिथियों से सजा मंच कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री शिवशंकर पटेल, जल योद्धा पद्मश्री उमाशंकर पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, समाजसेवी जयराम सिंह बछेउरा, बुंदेलखंड यूथ फेडरेशन के अध्यक्ष प्रवीण सिंह, सपा नेत्री सुश्री नीलम गुप्ता और डॉ. सबीहा रहमानी मौजूद रहीं। ट्रस्ट के अध्यक्ष अमित गुप्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
छात्राओं को स्वेटर वितरण और सांस्कृतिक छटा सेवा भाव को आगे बढ़ाते हुए राजकीय महिला कॉलेज (GGIC) की 120 छात्राओं को कड़ाके की ठंड से बचाव हेतु स्वेटर वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। लल्लू आरख के नेतृत्व में नन्ही बेटियों द्वारा प्रस्तुत 'दीवारी नृत्य' आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा अभिषेक मिश्रा की गायकी और नृत्य कला ग्रह की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विभिन्न क्षेत्रों के ये 'कोहिनूर' हुए सम्मानित ट्रस्ट द्वारा समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया:
-
कृषि क्षेत्र: आवर्तनशील खेती के लिए पर्वत सिंह (माधवपुर), आलोक सिंह (मनीपुर), महिला किसान आशा रैकवार (कुलकुम्हारी) और प्रेरणास्रोत पंकज बागवान।
-
कला एवं संस्कृति: नौटंकी कला को सहेजने वाले विजय बहादुर श्रीवास्तव और नृत्य कला में छवी गुप्ता, सनोवर व अनुपमा त्रिपाठी।
-
पर्यावरण एवं जल संरक्षण: धर्मेंद्र प्रधान (जल संरक्षण) और सुरेश जी (वन ग्राम निर्माण)।
-
स्वास्थ्य एवं सेवा: महिला चिकित्सक डॉ. अनीता अग्रहरि, सुरभि गुप्ता, प्रिया तिवारी और रजनी गुप्ता।
-
मानवता हेतु दान: देहदान के लिए सुरेंद्र सिंह व शैलेंद्र सिंह बुंदेला। नेत्रदान हेतु स्व. संजय निगम की पत्नी साधना निगम को सम्मानित किया गया।
-
पुलिस एवं सुरक्षा: डायल 112 टीम से मोहम्मद अकरम, आदित्य सिंह और प्रियंका निगम।
-
अन्य: शिक्षा में प्रवीण निगम व यश शिवहरे, रोटी बैंक से सुनील सक्सेना, जागरूकता के लिए तरन्नुम फातिमा और स्वावलंबन में शोभा व उमा पटेल।
नशामुक्त समाज का लिया संकल्प कार्यक्रम के अंत में सचिव अरुण निगम ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण और समाज को नशामुक्त बनाने की अपील की। कार्यक्रम का सफल संचालन दीन दयाल सोनी ने किया। इस दौरान श्याम जी निगम, सचिन चतुर्वेदी, नीरज निगम, नवीन निगम, पर्यावरण कुटुंब प्रहरी की टीम समेत जनपद के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
