सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और मिशन शक्ति को लेकर जागरूक हुए 300 से अधिक विद्यार्थी

भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी, बांदा में शुक्रवार को सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और मिशन शक्ति विषयों पर वृहद जागरूकता कार्यशाला...

Sep 18, 2026 - 18:15
Sep 18, 2026 - 18:17
 0  6
सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और मिशन शक्ति को लेकर जागरूक हुए 300 से अधिक विद्यार्थी

भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी में आयोजित हुई जागरूकता कार्यशाला, एएसपी शिवराज ने विद्यार्थियों से किया संवाद

बांदा। भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी, बांदा में शुक्रवार को सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और मिशन शक्ति विषयों पर वृहद जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज जी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यशाला में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ एएसपी शिवराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद एकेडमी के नामित चेयरमैन अंकित कुशवाहा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया।

अपने संबोधन में एएसपी शिवराज ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, जिम्मेदार नागरिक बनने और साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने मिशन शक्ति के उद्देश्यों को अपनाने के साथ विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं लक्ष्य-उन्मुख भविष्य के लिए प्रेरित किया।

गुड सेमेरिटन बनने का दिया संदेश

शिक्षा विभाग के मंडलीय समन्वयक एवं मास्टर ट्रेनर डॉ. पीयूष मिश्रा ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की मदद के लिए विद्यार्थियों को गुड सेमेरिटन बनने का संदेश दिया। उन्होंने नोडल छात्र के रूप में समाज में सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही विद्यालय प्रबंधन से अपील की कि नाबालिग छात्र-छात्राएं वाहन लेकर विद्यालय न आएं और शिक्षक-शिक्षिकाएं हेलमेट एवं सीट बेल्ट के नियमों का पालन करें।

परिवहन विभाग के पीटीओ चंदन पांडे ने विद्यालय वाहनों की फिटनेस, पंजीकरण और विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी दी। जिला सड़क सुरक्षा समन्वयक समिति के सदस्य सुनील सक्सेना ने 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन न चलाने और यातायात नियमों के पालन पर जोर दिया। यातायात प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह ने भी सड़क सुरक्षा के विभिन्न नियमों एवं सावधानियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के समापन पर चेयरमैन अंकित कुशवाहा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर समाज में मिसाल स्थापित करेगी। उन्होंने सड़क सुरक्षा विषय पर उत्कृष्ट पोस्टर बनाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की।

कार्यशाला का संचालन रिचा रैकवार ने किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0