नौतपा की शुरुआत आज से, बुंदेलखंड में बढ़ेगी भीषण गर्मी
सूर्यदेव की तपिश लगातार बढ़ती जा रही है और आज 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो गई है। माना जाता है कि नौतपा के नौ दिनों में साल...
कृषि विश्वविद्यालय ने जारी की चेतावनी, पशुपालकों को सतर्क रहने की सलाह
बांदा। सूर्यदेव की तपिश लगातार बढ़ती जा रही है और आज 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो गई है। माना जाता है कि नौतपा के नौ दिनों में साल की सबसे भीषण गर्मी पड़ती है। इस बार सूर्य और गुरु के विशेष संयोग के कारण तापमान और अधिक बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। नौतपा 25 मई से शुरू होकर 2 जून तक चलेगा।
बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय द्वारा बताया गया है कि नौतपा के दौरान तेज गर्मी के साथ आंधी और पानी की स्थिति भी बन सकती है। कृषि मौसम विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. दिनेश साह ने बताया कि अत्यधिक गर्मी मानसून को प्रभावित करती है। अधिक तापमान के कारण उत्पन्न खिंचाव हिंद महासागर की मौसमी गतिविधियों को उत्तर भारत की ओर आकर्षित करता है, जिससे अच्छे मानसून की संभावना बढ़ती है।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में यह मान्यता भी है कि यदि नौतपा के दौरान बारिश हो जाए तो आगामी मानसून कमजोर पड़ सकता है और वर्षा का वितरण प्रभावित हो सकता है।
46 डिग्री तापमान में पशुओं पर भी संकट
बुंदेलखंड के अधिकांश हिस्सों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। तेज धूप और लू का असर इंसानों के साथ-साथ पशुओं पर भी पड़ रहा है। कृषि विश्वविद्यालय के पशुधन उत्पादन एवं प्रबंधन वैज्ञानिक डॉ. मयंक दुबे ने बताया कि लू लगने से पशुओं में तेज बुखार, हांफना, आंखों से पानी आना, दस्त, कमजोरी और भूख कम लगने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
उन्होंने बताया कि गर्मी के कारण दुधारू पशुओं की दूध उत्पादन क्षमता भी प्रभावित होती है। पशुओं को पर्याप्त हरा चारा, स्वच्छ पानी और खनिज लवण देने की सलाह दी गई है।
पशुपालकों को दिए गए विशेष सुझाव
विशेषज्ञों ने पशुपालकों को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पशुओं को शेड में रखने की सलाह दी है। शेड को बोरे और टाट से ढककर ठंडा रखने, टाट पर पानी का छिड़काव करने तथा पशुओं को नियमित रूप से स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने को कहा गया है।
इसके अलावा बासी भोजन पशुओं को न खिलाने, नवजात बछड़ों की विशेष देखभाल करने और संकर नस्ल की गायों को दिन में कम से कम एक बार नहलाने की सलाह भी दी गई है। किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति में तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करने को कहा गया है।
भीषण गर्मी को लेकर प्रशासन और विशेषज्ञ सतर्क
कृषि विश्वविद्यालय और मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और पशुओं की विशेष देखभाल करने की अपील की है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना के चलते बुंदेलखंड क्षेत्र में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
