कालिंजर के ऐतिहासिक मेले में उमड़ी लाखों की भीड़, स्वर्गारोहण कुंड में स्नान कर श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना
ऐतिहासिक कालिंजर दुर्ग में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को पारंपरिक मेले में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी...
बांदा/कालिंजर। ऐतिहासिक कालिंजर दुर्ग में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को पारंपरिक मेले में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सोमवार शाम पांच बजे से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। मंगलवार सुबह होते-होते मेला परिसर में भारी भीड़ जुट गई। श्रद्धालुओं ने स्वर्गारोहण कुंड में स्नान कर भगवान नीलकंठ के दर्शन-पूजन किए। इसके अलावा कोटि तालाब, बुद्ध-बुद्धा तालाब और राम कटोरा तालाब में भी बड़ी संख्या में लोगों ने स्नान किया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया। बघेलावाड़ी मार्ग पर बैरियर लगाकर वाहनों का आवागमन रोका गया। वहीं नरैनी और पन्ना मार्ग पर भी बैरियर लगाकर भारी वाहनों तथा चार पहिया वाहनों को मेला परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। सिविल पुलिस के साथ सीसीटीवी कैमरों से भी पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की गई।
भगवान नीलकंठ के दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने मेले में लगी दुकानों, झूलों और अन्य आकर्षणों का आनंद लिया। चंदेलकालीन परंपरा से जुड़ा यह मेला भगवान नीलकंठ के पुत्र कार्तिकेय के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित होता रहा है। सदियों पुरानी इस परंपरा के तहत प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर कालिंजर दुर्ग में मेला लगता है, जिसमें आसपास के जनपदों के साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं।
मेले में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए बांदा स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय की ओर से शिविर लगाया गया। शिविर में चिकित्सक डॉ. आरबी मिश्रा और डॉ. साधना पटेल ने श्रद्धालुओं को निःशुल्क आयुर्वेदिक दवाओं का वितरण किया। वहीं श्रद्धालुओं की सहायता के लिए खोया-पाया केंद्र भी बनाया गया। यहां बिछड़े बच्चों और अन्य लोगों को उनके परिजनों से मिलाने का प्रयास किया गया। केंद्र पर पहुंचे बच्चों की पहचान के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
