पुलिस ने खूनी संघर्ष मामले में दो महिला समेत छह को किया गिरफ्तार
जमीन पर बुआई को लेकर चचेरे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष मामले में पुलिस ने 11 नामजद में दो महिला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया...
भूमि विवाद में युवक की हुई थी हत्या
चित्रकूट। जमीन पर बुआई को लेकर चचेरे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष मामले में पुलिस ने 11 नामजद में दो महिला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास और बलवा की रिपोर्ट दर्ज है। हत्या में प्रयुक्त छह लाठी व डंडे बरामद किए। अन्य नामजदों में एक का प्रयागराज में इलाज चल रहा है। चार की तलाश जारी है। उधर, विवाद में मृत पंकज त्रिपाठी के शव का रविवार की दोपहर को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गांव के बाहर अंतिम संस्कार कराया गया। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस बल तैनात है।
मारकुंडी थाना क्षेत्र के इटवा डुडैला गांव में शनिवार को खेत के विवाद में परशुराम मिश्रा और उनके चचेरे भाई धनीराम मिश्रा के स्वजन के बीच खूनी संघर्ष हुआ। इसमें परशुराम के भांजे पंकज त्रिपाठी की मौत हो गई। दोनों पक्ष से सात लोग घायल हैं। घटना के बाद से गांव में बाद तनाव बना हुआ है। रविवार को पोस्टमार्टम होने के बाद मानिकपुर एसडीएम विपिन द्विवेदी और सीओ फहाद अली समेत तीन थाने की पुलिस टीम की मौजूदगी में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि 11 आरोपियों में धनीराम मिश्रा, शनि मिश्रा, रामबाबू पांडेय, रीशू पांडेय, प्रभा और आरती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों में इसी गांव निवासी लवकुश पांडेय, सुनील पांडेय, अंशू पांडेय, सरदारी राम और रवि कुमार हैं। इनमें सरदारी राम मिश्रा के घायल होने पर पुलिस सुरक्षा में प्रयागराज में इलाज चल रहा है। अन्य की तलाश जारी है। उधर परशुराम व उसके पक्ष के घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
