मानवता की मिसाल : हेल्पिंग द मैनकाइंड फाउंडेशन ने दो जरूरतमंद परिवारों को पहुंचाई मदद
जरूरतमंदों, असहायों और पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए निरंतर प्रयासरत हेल्पिंग द मैनकाइंड फाउंडेशन, बांदा की टीम ने दो जरूरतमंद परिवारों...
बेसहारा गर्भवती महिला और तीन बच्चों को दिया एक माह का राशन, रिक्शा चालक के परिवार को भी उपलब्ध कराई खाद्य सामग्री
बांदा। जरूरतमंदों, असहायों और पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए निरंतर प्रयासरत हेल्पिंग द मैनकाइंड फाउंडेशन, बांदा की टीम ने दो जरूरतमंद परिवारों की मदद कर सामाजिक सेवा और मानवता की मिसाल पेश की। संस्था की टीम ने एक बेसहारा गर्भवती महिला और उसके तीन बच्चों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही एक ऑपरेशन पीड़ित रिक्शा चालक के परिवार को भी राशन देकर आर्थिक संकट में सहारा दिया।
पेड़ के नीचे रहने को मजबूर गर्भवती महिला की मदद को पहुंची संस्था
पहले मामले में संस्था की टीम ने सतरूपा नाम की बेसहारा गर्भवती महिला की मदद की, जो अपने तीन छोटे बच्चों के साथ बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन गुजार रही है। बताया गया कि महिला का पति उसे छोड़कर चला गया है। परिवार के पास न रहने के लिए घर है और न ही कोई अन्य सहारा। ऐसे में महिला अपने बच्चों के साथ रेलवे स्टेशन के समीप माल गोदाम के पास पीपल के पेड़ के नीचे खुले आसमान में रहने को मजबूर है।
महिला करीब साढ़े आठ माह की गर्भवती है और प्रसव का समय भी नजदीक है। परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए संस्था की टीम ने महिला और उसके बच्चों के लिए एक माह का राशन, खाना पकाने तथा खाने के आवश्यक बर्तन उपलब्ध कराए। इसके अलावा टीम महिला को जिला महिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों से उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
अस्पताल में जांच के दौरान महिला का हीमोग्लोबिन लगभग 6 ग्राम बताया गया, जो काफी कम है। प्रसव की संभावित तिथि नजदीक होने और महिला के साथ कोई तीमारदार न होने के कारण उसकी स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। महिला ने पति को वापस बुलाने और अपने परिवार को सहारा दिलाने के लिए जिला प्रशासन से भी मदद की गुहार लगाई है।
ऑपरेशन पीड़ित रिक्शा चालक के परिवार को भी दी राहत
दूसरे मामले में संस्था की टीम ने एक रिक्शा चालक के परिवार की मदद की, जिसका हाल ही में मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ है। रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले इस व्यक्ति को चिकित्सकों ने ऑपरेशन के बाद एक माह तक आराम करने की सलाह दी है। ऐसे में काम बंद होने के कारण परिवार के सामने रोजमर्रा के खर्च और भोजन की समस्या उत्पन्न हो गई थी।
परिवार की परेशानी को देखते हुए हेल्पिंग द मैनकाइंड फाउंडेशन की टीम ने आगे आकर परिवार और बच्चों के लिए एक माह से अधिक समय का राशन उपलब्ध कराया, ताकि रिक्शा चालक के स्वस्थ होने तक परिवार को भोजन की समस्या का सामना न करना पड़े।
संस्था का सेवा अभियान आगे भी रहेगा जारी
इस अवसर पर संस्था के संरक्षक हसन उद्दीन सिद्दीकी ने संस्था की ओर से लगातार किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने पूरी टीम को निष्ठा, समर्पण और सेवा भावना के साथ जरूरतमंदों की मदद करते रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष नदीम उल्लाह खान, वरिष्ठ सहयोगी सुनील सक्सेना, मीडिया इंचार्ज आसिफ अली, कमल सिंह (कबड्डी कोच), सचिव उमर अली, महामंत्री शाहबाज़ खान हनी, उपाध्यक्ष मोहम्मद फरहान एवं जावेद खान, संगठन मंत्री शेख रिज़वान, सलाहकार आरिफ खान, शाखा प्रमुख खाईपार अली खान, उपाध्यक्ष कलीम उल्ला, उपसचिव आसिफ मसूदी, कार्यालय प्रभारी इमरान, उपसचिव गफ्फार खान, कोषाध्यक्ष अनस उल्लाह एडवोकेट, कानूनी सलाहकार समीर उल हक एडवोकेट, शाखा प्रमुख अज़हर, सनी सिकंदर, मेराज उद्दीन, नफीस, शादाब हुसैन, हसीब, सदस्य उरूज, ब्रज बिहारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे और सहयोग प्रदान किया।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि मानवता की सेवा ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है। जरूरतमंद, बेसहारा और पीड़ित परिवारों की सहायता का यह सिलसिला सहयोगियों एवं शुभचिंतकों के सहयोग से आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
