अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर DIG सख्त, चारों जिलों के पुलिस कप्तानों के साथ की समीक्षा बैठक

चित्रकूटधाम परिक्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक...

Nov 23, 2026 - 18:18
Nov 23, 2026 - 18:19
 0  7
अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर DIG सख्त, चारों जिलों के पुलिस कप्तानों के साथ की समीक्षा बैठक

विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों की समीक्षा, टॉप-10 अपराधियों और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश

बांदा। चित्रकूटधाम परिक्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, बांदा श्री राजेश एस. की अध्यक्षता में सोमवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय स्थित सभागार में समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर और महोबा जनपदों के पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।

गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक बांदा श्री पलाश बंसल, पुलिस अधीक्षक चित्रकूट श्री अरुण कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर श्री मृगांक शेखर पाठक तथा पुलिस अधीक्षक महोबा श्री शशांक सिंह उपस्थित रहे।

गंभीर अपराधों और कानून-व्यवस्था की घटनाओं की समीक्षा

बैठक के दौरान परिक्षेत्र के चारों जनपदों में माह के दौरान घटित प्रमुख कानून-व्यवस्था संबंधी घटनाओं एवं गंभीर अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई। DIG ने अपराधों की रोकथाम, प्रभावी नियंत्रण और घटनाओं के त्वरित अनावरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके साथ ही यक्ष ऐप के प्रभावी क्रियान्वयन, अपराध में संलिप्त व्यक्तियों एवं हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन, गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी, अग्नि सुरक्षा, मीडिया रिस्पॉन्स, जनसुनवाई तथा थानों में जब्त वाहनों एवं माल के शीघ्र निस्तारण की समीक्षा की गई।

सीसीटीएनएस में 60 एवं 90 दिनों से लंबित विवेचनाओं, ई-साक्ष्य और ई-समन की प्रगति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

टॉप-10 अपराधियों और फरार आरोपियों पर कार्रवाई के निर्देश

समीक्षा बैठक में ऑपरेशन कन्विक्शन, एनडीपीएस एक्ट की धारा 68ई एवं 68-एफ, साइबर अपराधों की रोकथाम, आई-गॉट प्रशिक्षण, जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट और यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की गई।

इसके अलावा जनपदों के टॉप-10 अपराधियों, मफरूर एवं घोषित अपराधियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई का जायजा लिया गया। DIG ने चिन्हित फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश

आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। DIG ने कार्तिक पूर्णिमा, अमावस्या, डॉ. भीमराव आंबेडकर महापरिनिर्वाण दिवस और क्रिसमस पर्व के मद्देनजर सभी जनपदों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने धार्मिक स्थलों, मंदिरों, गिरजाघरों और प्रमुख आयोजन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा प्रभावी गश्त और फुट पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा।

इसके साथ ही यातायात एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने, सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी रखने और अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं का तत्काल खंडन करने के निर्देश दिए गए। सभी आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए स्थानीय अभिसूचना तंत्र को सक्रिय रखने तथा संबंधित अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का पर्यवेक्षण करने को कहा गया।

महिला एवं बाल सुरक्षा तथा जनशिकायतों के निस्तारण पर जोर

DIG राजेश एस. ने सभी पुलिस अधीक्षकों को अपराधों का त्वरित अनावरण, प्रभावी विवेचना, वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, सड़क सुरक्षा तथा जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

अंत में DIG ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा और कानून का राज स्थापित रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0