बाँदा : अतर्रा में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मथुरा जाने की थी तैयारी, घर में पसरा मातम

अतर्रा कस्बे के नरैनी रोड टेंपो स्टैंड के समीप रामलीला मोड़ के पास सोमवार दोपहर एक दुखद घटना सामने आई। यहां करीब 42 वर्षीय विकास शिवह...

Nov 23, 2026 - 18:40
Nov 23, 2026 - 18:45
 0  26
बाँदा : अतर्रा में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मथुरा जाने की थी तैयारी, घर में पसरा मातम

42 वर्षीय विकास शिवहरे की घर में हुई मौत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा; आत्महत्या के कारणों की जांच जारी

बांदा/अतर्रा। अतर्रा कस्बे के नरैनी रोड टेंपो स्टैंड के समीप रामलीला मोड़ के पास सोमवार दोपहर एक दुखद घटना सामने आई। यहां करीब 42 वर्षीय विकास शिवहरे की अपने घर में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी, पिता और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकास शिवहरे पुत्र राजकिशोर शिवहरे सोमवार दोपहर करीब एक बजे घर की ऊपरी मंजिल पर स्थित कमरे में थे। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार के साथ मथुरा जाने की थी तैयारी

मृतक के पिता राजकिशोर शिवहरे ने बताया कि घटना के समय वह अपनी पुरानी राइस मिल में थे। घर पर बेटा और बहू मौजूद थे। परिवार को शाम को मथुरा जाना था और यात्रा की तैयारियां भी पूरी हो चुकी थीं। इसी बीच उन्हें फोन पर बेटे के साथ हुई घटना की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही वह घर पहुंचे और लोगों की मदद से बेटे को अस्पताल लेकर गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लंबे समय से बीमारी से पीड़ित था विकास

परिजनों के मुताबिक, विकास लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित था और उसका उपचार चल रहा था। वहीं, अन्य सूत्रों से पारिवारिक विवाद की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया पीछे

विकास शिवहरे दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई आकाश है। मृतक अपने पीछे पत्नी शशि, 15 वर्षीय बेटे योग्य उर्फ कान्हा और 10 वर्षीय बेटी अहाना को छोड़ गया है।

जिस घर में कुछ घंटे बाद परिवार के मथुरा जाने की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। पिता ने जवान बेटे को खो दिया, वहीं दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। इस घटना से परिवार पूरी तरह सदमे में है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0