बेसहारा परिवार की बेटी की शादी में मददगार बनी हेल्पिंग द मैनकाइंड फाउंडेशन, खाद्य सामग्री और उपहार देकर बढ़ाया सहयोग का हाथ
समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की मदद के लिए कार्यरत हेल्पिंग द मैनकाइंड फाउंडेशन, बांदा ने एक बार फिर मानवता और सामाजिक...
60 किलो आटा, 15 किलो तेल, मसाले, गिफ्ट सेट और बर्तन किए भेंट; मुख्य अतिथि डॉ. मोहम्मद मसजूद ने की संस्था के प्रयासों की सराहना
बांदा। समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की मदद के लिए कार्यरत हेल्पिंग द मैनकाइंड फाउंडेशन, बांदा ने एक बार फिर मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की है। पिता का साया खो चुके और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटी की शादी में संस्था ने आर्थिक सहयोग के साथ खाद्य सामग्री, उपहार और घरेलू उपयोग का सामान उपलब्ध कराया।
संस्था की ओर से शादी में भोजन की व्यवस्था के लिए 60 किलो आटा, 15 किलो तेल, मसाले और अन्य आवश्यक सामग्री दी गई। इसके साथ ही बेटी को उपहार स्वरूप गिफ्ट सेट और बर्तन भी भेंट किए गए, ताकि शादी के आयोजन में परिवार को आर्थिक राहत मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, बांदा के आई सर्जन डॉ. मोहम्मद मसजूद उपस्थित रहे। उन्होंने अपने हाथों से जरूरतमंद परिवार को संस्था की ओर से दी गई सामग्री और उपहार भेंट किए। उन्होंने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए संस्था द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। समाज के सक्षम लोगों को भी ऐसे जनहितकारी कार्यों में आगे आकर सहयोग करना चाहिए।
संस्था के संरक्षक जनाब हसन उद्दीन सिद्दीकी ने पूरी टीम को सामाजिक कल्याण के कार्यों के लिए मुबारकबाद दी। उन्होंने व्यस्तता के चलते दूर रहते हुए भी अपने स्नेह भरे संदेश के माध्यम से बेटी और परिवार को शादी की शुभकामनाएं दीं।
फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि सितंबर और अक्टूबर माह में भी कई बेसहारा एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी में आर्थिक सहायता और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई थी। संस्था ने भविष्य में भी सेवा अभियान जारी रखने का संकल्प जताया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष नदीम उल्लाह खान, वरिष्ठ सहयोगी एवं मीडिया प्रभारी सुनील सक्सेना, सचिव उमर अली, उपाध्यक्ष मोहम्मद फरहान, संगठन मंत्री शेख रिजवान, सलाहकार आरिफ खान, शाखा प्रमुख खाईपार अली खान, उपाध्यक्ष जावेद खान एवं कलीम उल्ला, महामंत्री शाहबाज खान हनी, उपसचिव आसिफ मसूदी, कार्यालय प्रभारी इमरान, उपसचिव गफ्फार खान, कोषाध्यक्ष अनस उल्लाह, कानूनी सलाहकार समीर उल हक, शाखा प्रमुख अज़हर, सनी सिकंदर, मेराज उद्दीन, नफीस, शादाब हुसैन, हसीब सहित उरूज और ब्रज बिहारी आदि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
