विधानसभा चुनाव 2027 : पांच राज्यों में चुनावी तैयारियां तेज, फरवरी के आखिरी सप्ताह से मतदान के आसार

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में वर्ष 2027 की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव फिलहाल तय समय पर ही कराए...

Nov 23, 2026 - 10:19
Nov 23, 2026 - 10:23
 0  8
विधानसभा चुनाव 2027 : पांच राज्यों में चुनावी तैयारियां तेज, फरवरी के आखिरी सप्ताह से मतदान के आसार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में वर्ष 2027 की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव फिलहाल तय समय पर ही कराए जाने की संभावना है। हालांकि, चुनाव कार्यक्रम की घोषणा इस बार जनवरी के मध्य में होने के संकेत मिल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, चुनाव आयोग करीब 15 जनवरी 2027 के आसपास चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। वहीं, मतदान की शुरुआत 22 फरवरी के बाद होने की संभावना जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश को छोड़कर बाकी चार राज्यों में एक चरण में मतदान कराया जा सकता है, जबकि उत्तर प्रदेश में तीन से चार चरणों में चुनाव कराने की तैयारी है। वर्ष 2022 में इन पांचों राज्यों के विधानसभा चुनाव का ऐलान 8 जनवरी को किया गया था।

चुनाव आयोग की तैयारियां जारी

चुनाव आयोग ने पांचों राज्यों में विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि, उत्तर प्रदेश और गोवा में अधिकारियों का दौरा अभी पूरा नहीं हुआ है। इसके 15 दिसंबर तक संपन्न होने की उम्मीद है। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों का दौरा प्रस्तावित है, जिसमें करीब एक महीने का समय लग सकता है। आमतौर पर सभी संबंधित राज्यों का दौरा पूरा होने के बाद ही चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की जाती है।

बोर्ड परीक्षा और माघ मेले को ध्यान में रखकर बनेगा कार्यक्रम

चुनाव कार्यक्रम तैयार करते समय आयोग के सामने यूपी बोर्ड की परीक्षाओं और प्रयागराज में आयोजित होने वाले माघ मेले का कार्यक्रम भी महत्वपूर्ण रहेगा। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 5 फरवरी से 24 फरवरी 2027 तक होनी हैं।

वहीं, प्रयागराज में माघ मेला 14 जनवरी से 9 मार्च तक प्रस्तावित है। इस दौरान प्रयागराज और आसपास के जिलों में लाखों श्रद्धालु कल्पवास के लिए पहुंचते हैं। हालांकि, कल्पवासी सामान्यतः माघी पूर्णिमा यानी 20 फरवरी तक ही प्रवास करते हैं। ऐसे में चुनाव कार्यक्रम तय करते समय इन परिस्थितियों को भी ध्यान में रखा जा रहा है।

24 फरवरी से 8 मार्च के बीच चुनाव की संभावना

चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि पांचों राज्यों में चुनाव प्रक्रिया 24 फरवरी से 8 मार्च 2027 के बीच पूरी कराई जा सकती है। इसकी एक प्रमुख वजह मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल 13 मार्च 2027 को समाप्त होना है। आयोग को इससे पहले सभी पांच राज्यों में चुनाव प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

किस राज्य में कब समाप्त होगा विधानसभा का कार्यकाल?

पांचों राज्यों में विधानसभा का कार्यकाल अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है। मणिपुर में 13 मार्च 2027, गोवा में 14 मार्च 2027, पंजाब में 16 मार्च 2027, उत्तराखंड में 28 मार्च 2027 और उत्तर प्रदेश में 22 मई 2027 को विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होगा।

फिलहाल चुनाव आयोग की ओर से आधिकारिक कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है। ऐसे में चुनाव की तारीखों और चरणों को लेकर अंतिम स्थिति आयोग की घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0