अतिक्रमण हटाने के दौरान बड़ा हादसा टला, चार मंजिला मकान पोकलैंड मशीन पर गिरा
बबेरू कस्बे के तिंदवारी रोड पर सुंदरीकरण एवं सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के...
बांदा। बबेरू कस्बे के तिंदवारी रोड पर सुंदरीकरण एवं सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया। अतिक्रमण हटाने के दौरान एक चार मंजिला इमारत का हिस्सा अचानक भरभराकर पोकलैंड मशीन के ऊपर गिर पड़ा, जिससे मशीन चालक मलबे में दब गया। करीब आधे घंटे तक मौके पर अफरा-तफरी और लोगों की सांसें अटकी रहीं। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसे मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
सुबह करीब सात बजे प्रशासन ने तिंदवारी रोड पर फैले स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान शुरू किया। इस दौरान एक पोकलैंड मशीन, आधा दर्जन जेसीबी मशीनें, भारी पुलिस बल एवं पीएसी की तैनाती की गई थी। अभियान शुरू होते ही अतिक्रमण की जद में आ रहे दुकानदारों में खलबली मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। कई दुकानदार स्वयं भी अपनी दुकानों और भवनों से अतिक्रमण हटाने में जुट गए।
अतिक्रमण हटाने के दौरान एक व्यापारी की चार मंजिला इमारत से अतिक्रमित हिस्सा हटाया जा रहा था, तभी अचानक इमारत का बड़ा हिस्सा ढहकर पोकलैंड मशीन पर जा गिरा। धूल और मलबे के गुबार के बीच कुछ देर तक हालात बेहद तनावपूर्ण बने रहे। बाद में धुंध छंटने पर स्थिति स्पष्ट हुई और प्रशासनिक अमले ने राहत की सांस ली।
घटना को लेकर व्यापारियों ने पीडब्ल्यूडी एवं राजस्व विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए। व्यापारियों का कहना है कि विभागीय बदइंतजामी और आपसी समन्वय की कमी के कारण कस्बे में बड़ा हादसा होते-होते बचा। कई व्यापारियों ने आरोप लगाया कि तहसील प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग के बीच तालमेल न होने का खामियाजा छोटे और गरीब व्यापारी भुगत रहे हैं।
मौके पर एसडीएम अवनीश कुमार, सीओ सौरभ सिंह, तहसीलदार हेमराज सिंह, नायब तहसीलदार मनोहर, लेखपाल, पीडब्ल्यूडी के एई रामेंद्र सिंह, जेई अतुल विश्वकर्मा, कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह राजावत सहित भारी पुलिस बल एवं पीएसी के जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
1
