जनगणना-2027 की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा, 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना

जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनगणना समिति की बैठक आयोजित की गई...

Nov 5, 2026 - 18:38
Nov 5, 2026 - 18:39
 0  5
जनगणना-2027 की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा, 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना

1 दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाकर करेंगे जनगणना, अधिकारियों-कर्मचारियों की शत-प्रतिशत स्व-गणना कराने के निर्देश

बाँदा। जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनगणना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय और समयबद्ध कार्यवाही के साथ जनगणना कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।

जनगणना के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके लिए https://se.census.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन जानकारी दर्ज की जा सकेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे। वहीं, 5 से 9 जनवरी 2027 तक फील्ड कार्य का पुनरीक्षण किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने स्व-गणना के लिए निर्धारित 15 दिनों की अवधि में जनपद के अधिकांश निवासियों की स्व-गणना पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित कराने तथा अनुपस्थित कार्मिकों का प्रशिक्षण 14 नवंबर से पूर्व अनिवार्य रूप से पूरा कराने के निर्देश दिए। सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की सीएमएमएस पोर्टल पर मैपिंग भी कराई जाएगी।

स्व-गणना की प्रगति की निगरानी के लिए प्रत्येक विभाग में नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे। सभी सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शत-प्रतिशत स्व-गणना सुनिश्चित कराई जाएगी। स्व-गणना पूर्ण होने के बाद संबंधित व्यक्ति की एसई-आईडी नोट कराई जाएगी। ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों के माध्यम से जनगणना हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी।

जनजागरूकता के लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। तहसील, ब्लॉक, अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बैनर एवं होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। सूचना विभाग द्वारा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। द्वितीय चरण में पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों के संबंध में आमजन को जागरूक किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति, परिवार अथवा क्षेत्र जनगणना से वंचित न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रगणक किसी भी व्यक्ति से दस्तावेजों की छायाप्रति नहीं लेंगे।

प्रत्येक गणना ब्लॉक की नियमित निगरानी एवं प्रगति की समीक्षा की जाएगी। कार्य में लापरवाही अथवा विलंब करने वाले कार्मिकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। जनपद एवं चार्ज स्तर पर कंट्रोल रूम तथा जनगणना सेल स्थापित कर शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

जनगणना संबंधी सहायता एवं शिकायत के लिए राष्ट्रीय टोल-फ्री हेल्पलाइन 1855, चैटबॉट नंबर 18001801855, जनपदीय कंट्रोल रूम 05192-285260 तथा टोल-फ्री नंबर 1077 जारी किए गए हैं।

बैठक में जनगणना के दौरान प्रत्येक नागरिक की जानकारी की गोपनीयता एवं डाटा सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही भ्रामक और असत्य सूचनाओं पर अंकुश लगाते हुए केवल प्रमाणित जानकारी का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को सक्रिय सहभागिता निभाने और निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0