स्वरूप खेल उत्सव में डीएम ने छात्र-छात्राओं का किया उत्साहवर्धन
सुषमा स्वरूप इंटरनेशनल स्कूल में डीएम पुलकित गर्ग ने दीप प्रज्वलित कर स्वरूप खेल उत्सव सीजन-2 का शुभारंभ किया...
कहा कि खेल में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता
चित्रकूट। सुषमा स्वरूप इंटरनेशनल स्कूल में डीएम पुलकित गर्ग ने दीप प्रज्वलित कर स्वरूप खेल उत्सव सीजन-2 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन एवं व्यायाम सहित विभिन्न खेल गतिविधियों में छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यक्रम में डीएम ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया तथा विद्यालय परिवार द्वारा किए गए स्वागत की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों द्वारा धैर्य, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय देते हुए प्रतिभाग करना सराहनीय है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को पूरे उत्साह एवं ऊर्जा के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करना चाहिए। खेल में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता, निरंतर अभ्यास एवं खेल भावना होती है। डीएम ने अपने जीवन के खेल संबंधी अनुभव साझा करते हुए बताया कि यदि वे शिक्षा के क्षेत्र में नहीं होते तो उनका उद्देश्य एक खिलाड़ी बनना होता। उन्होंने बताया कि ताइक्वांडो में ब्लैक बेल्ट भी प्राप्त की है तथा खेल प्रतियोगिता में सिंगापुर में भी प्रतिभाग किया है। उन्होंने कहा कि खेलों के प्रति उनकी विशेष रुचि रही है और खेल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि जिन विद्यार्थियों की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं तथा अपने अभिभावकों एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। उन्होंने जनगणना कार्य का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से इसमें भी बढ़चढ़ कर सहयोग एवं सहभागिता करने की अपील की। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा डीएम पुलकित गर्ग को स्मृति चिह्न एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सीओ राजापुर यामीन अहमद सहित विद्यालय के प्रिंसिपल अपर्णा पांडेय, शिक्षकगण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
