बांदा में आस्था का महाकुंभ शुरू, भव्य कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

धर्म, आस्था और सनातन संस्कृति के रंग में बुधवार को पूरा शहर सराबोर नजर आया। संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में...

Nov 25, 2026 - 18:20
Nov 25, 2026 - 18:41
 0  6
बांदा में आस्था का महाकुंभ शुरू, भव्य कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

कल से श्री भक्त चरित्र कथा की अमृतवर्षा करेंगे पं. इंद्रेश जी महाराज, 30 नवंबर तक चलेगा धार्मिक आयोजन

बांदा। धर्म, आस्था और सनातन संस्कृति के रंग में बुधवार को पूरा शहर सराबोर नजर आया। संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में 26 से 30 नवंबर तक पं. जेएन डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाली श्री भक्त चरित्र कथा का बुधवार को विशाल कलश यात्रा के साथ भव्य शुभारंभ हो गया। हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने शहर को भक्तिमय बना दिया। वहीं गुरुवार से प्रख्यात कथा वाचक पं. इंद्रेश जी महाराज श्री भक्त चरित्र कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस का पान कराएंगे।

बुधवार को शहर के अलीगंज स्थित गणेश भवन रामलीला मैदान से विशाल कलश यात्रा निकाली गई। पीले वस्त्रों में सजी हजारों महिलाएं सिर पर सुसज्जित कलश धारण कर यात्रा में शामिल हुईं। जय श्रीराम और जय श्री राधे-कृष्ण के गगनभेदी जयघोष से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते-नाचते नजर आए। यात्रा में शामिल दर्जनों घोड़े, हाथी, ऊंट और आकर्षक रथों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

कलश यात्रा में करीब दर्जनभर से अधिक रथ शामिल रहे, जिन पर संत-महात्माओं के साथ देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां सजाई गई थीं। मां काली, राधा-कृष्ण, भगवान श्रीराम-सीता और मां सरस्वती की झांकियों के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और आरती की। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया और प्रसाद वितरित किया गया।

गणेश भवन रामलीला मैदान से शुरू हुई शोभायात्रा बाबूलाल चौराहा, कैथी बाजार, चौक बाजार, महेश्वरी देवी मंदिर, रामलीला मैदान, स्टेशन रोड, नया ओवरब्रिज और महाराणा प्रताप चौराहा होते हुए पं. जेएन डिग्री कॉलेज मैदान स्थित कथा पंडाल पहुंची। यहां विशाल भंडारे के साथ कलश यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान शहर की सड़कों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

शोभायात्रा की अगुवाई सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता द्विवेदी और भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं से कथा पंडाल पहुंचकर श्री भक्त चरित्र कथा का श्रवण करने की अपील की। मुख्य संयोजक सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का आभार जताते हुए अधिक से अधिक लोगों से कथा में सहभागिता करने का आह्वान किया।

आयोजन समिति के संयोजक प्रकाश द्विवेदी बीते एक माह से गांव-गांव और गली-गली पहुंचकर अक्षत वितरण के माध्यम से लोगों को कथा का आमंत्रण दे रहे थे। आयोजकों के अनुसार, कथा में बांदा सहित आसपास के जनपदों और पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

कल से शुरू होगी श्री भक्त चरित्र कथा

गुरुवार से पं. इंद्रेश जी महाराज कथा पंडाल में श्री भक्त चरित्र कथा का रस प्रवाह करेंगे। आगामी पांच दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना है। आयोजन को लेकर कथा पंडाल में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और स्वयंसेवकों की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं।

जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ कलश यात्रा का स्वागत

विशाल कलश यात्रा का शहर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। यात्रा में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता द्विवेदी, भाजपा महिला मोर्चा क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य डॉ. जिज्ञासा, बड़ोखर ब्लॉक प्रमुख स्वर्ण सिंह सोनू, बांदा नगर पालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता बासू, अतर्रा नगर पालिका अध्यक्ष संगीता निराला, पूर्व चेयरमैन राजकुमार राज, विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ और चेयरमैन प्रतिनिधि अंकित बासू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।

देवी-देवताओं की झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र

कलश यात्रा में सिर पर कलश रखकर चल रहीं महिलाओं की टोलियां और सुसज्जित रथों पर निकली देवी-देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। विभिन्न अखाड़ों और आश्रमों के महंत भी रथों पर विराजमान होकर यात्रा में शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने संत-महात्माओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया। धार्मिक झांकियों के माध्यम से सनातन संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन और स्वयंसेवकों ने व्यवस्था संभाली, जिससे कलश यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0