डबल इंजन सरकार के सेवा और सुशासन के वर्षों ने बदली बाँदा की तस्वीर : रामकेश निषाद

शासन के निर्देशानुसार, केंद्र सरकार के सफल 11 वर्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के शानदार 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज जनपद बाँदा में...

Mar 18, 2026 - 18:44
Mar 18, 2026 - 18:44
 0  5
डबल इंजन सरकार के सेवा और सुशासन के वर्षों ने बदली बाँदा की तस्वीर : रामकेश निषाद

जल शक्ति राज्य मंत्री ने विकास भवन में विभिन्न विभागों के स्टालों का किया उद्घाटन

केंद्र के 11 और प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर गिनाईं ऐतिहासिक उपलब्धियां

2.98 लाख किसानों को मिली सम्मान निधि, 1.33 लाख से अधिक गरीबों को मिले पक्के आवास

बाँदा। शासन के निर्देशानुसार, केंद्र सरकार के सफल 11 वर्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के शानदार 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज जनपद बाँदा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि माननीय जल शक्ति राज्य मंत्री, उत्तर प्रदेश, रामकेश निषाद ने विकास भवन सभागार में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी और स्टालों का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने सभी स्टालों का भ्रमण कर सरकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

इसके उपरांत आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बाँदा जिला 'पिछड़ेपन' के टैग को हटाकर 'विकास के मॉडल' के रूप में उभर रहा है। उन्होंने बिंदुवार जनपद की प्रमुख उपलब्धियों का विवरण साझा किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, जिलाधिकारी श्रीमती जी. रीभा, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बृजेंद्र सिंह सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

विकास के प्रमुख बिंदु: एक नजर में

  • अन्नदाता को संबल: पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 2.98 लाख किसानों को 934.06 करोड़ रुपये दिए गए। साथ ही, 59,443 किसानों का 355.34 करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया गया।
  • गरीब को छत और सम्मान: प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत कुल 1,33,181 परिवारों को पक्के मकान दिए गए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत लाखों व्यक्तिगत और सामुदायिक शौचालयों का निर्माण हुआ।
  • बेटियों का उज्ज्वल भविष्य: 'मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना' से 28,744 बेटियां लाभान्वित हो रही हैं, जिसमें जन्म से स्नातक तक 25,000 रुपये की सहायता दी जाती है।
  • सामाजिक सुरक्षा: जनपद के 1.12 लाख से अधिक वृद्धों, दिव्यांगों और निराश्रित महिलाओं को नियमित पेंशन मिल रही है। 3.52 लाख राशन कार्ड धारकों को मुफ्त राशन का लाभ मिल रहा है।
  • स्वास्थ्य सुरक्षा: 5.31 लाख से अधिक आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। वहीं 70 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों के लिए 24,000 आयुष्मान कार्ड निर्मित किए गए हैं।
  • बुनियादी ढांचा और कनेक्टिविटी: 14,849.09 करोड़ की लागत से बना बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे जिले की नई जीवनरेखा बना है। इसके अलावा 1,286.54 करोड़ से 938 किमी लंबी सड़कों का जाल बिछाया गया है।
  • रोजगार और निवेश: जिले में 17,094.76 करोड़ का औद्योगिक निवेश हुआ है, जिससे 14,519 रोजगार सृजित हुए हैं। 52,000 से अधिक छात्रों को टैबलेट व स्मार्टफोन बांटे गए हैं।
  • पर्यटन विकास: करीब 50 करोड़ की लागत से 20 पर्यटन केंद्रों का कायाकल्प हो रहा है। कालिंजर किला, भूरागढ़ रिवरफ्रंट और बाम्बेश्वर मंदिर जैसे स्थलों को संवारा गया है।

मंत्री जी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 'अंत्योदय' है, यानी पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से आच्छादित करना सुनिश्चित करें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0