UPCATET-2026 का परिणाम घोषित, मेरठ की कीरथ समंद बनीं टॉपर

उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा (UPCATET)-2026 का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया...

Jun 29, 2026 - 17:40
Jun 29, 2026 - 17:43
 0  96
UPCATET-2026 का परिणाम घोषित, मेरठ की कीरथ समंद बनीं टॉपर

बांदा कृषि विश्वविद्यालय ने सफलतापूर्वक कराया परीक्षा आयोजन, 14,802 अभ्यर्थियों ने की परीक्षा क्वालीफाई

बांदा। उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा (UPCATET)-2026 का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया। परीक्षा का सफल आयोजन बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय द्वारा किया गया था। लखनऊ में आयोजित बैठक के दौरान प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की गरिमामयी उपस्थिति में परिणाम जारी किए गए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.वी.एस. राजू ने ऑनलाइन माध्यम से आधिकारिक वेबसाइट पर परिणाम अपलोड किया।

प्रमुख सचिव कृषि रवीन्द्र की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बताया गया कि प्रवेश परीक्षा का आयोजन 17 एवं 18 जून 2026 को प्रदेश के 12 जनपदों में किया गया। 17 जून को स्नातक पाठ्यक्रमों की परीक्षा 27 केंद्रों पर तथा 18 जून को पीजी, पीएचडी एवं एमबीए पाठ्यक्रमों की परीक्षा 18 केंद्रों पर संपन्न हुई।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. एस.के. सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए कुल 18,827 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से लगभग 90 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। कुल 16,349 परीक्षार्थियों में से 14,802 अभ्यर्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की। सफल अभ्यर्थियों में 73 प्रतिशत पुरुष तथा 27 प्रतिशत महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।

स्नातक वर्ग में मेरठ की कीरथ समंद रहीं प्रथम

स्नातक स्तर पर मेरठ के कांकरखेड़ा की रहने वाली सुश्री कीरथ समंद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सुश्री प्राची द्विवेदी (कन्नौज) दूसरे तथा मोहम्मद कैफ (रामपुर) तीसरे स्थान पर रहे।

पीजी और पीएचडी के टॉपर भी घोषित

परास्नातक (पीजी) स्तर पर शिवम यादव (बलिया) ने प्रथम तथा आस्था यादव (उन्नाव) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पीएचडी स्तर पर अमन सिंह (मऊ) प्रथम और अभिषेक गौतम (मथुरा) द्वितीय स्थान पर रहे।

बैठक में प्रदेश के चारों कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपति एवं कुलसचिव भी उपस्थित रहे। कुलसचिव ने बताया कि एमबीए पाठ्यक्रम के ग्रुप डिस्कशन के बाद उसका अंतिम परिणाम भी शीघ्र घोषित किया जाएगा।

अभ्यर्थी अपना परिणाम upcatetexam.org पर जाकर देख सकते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0