15 दिन में पूरा होना चाहिए फार्मर रजिस्ट्री कार्य : डीएम
डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में फार्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति के संबंध में जूम के माध्यम से महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई...
प्रगति की समीक्षा कर लक्ष्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में फार्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति के संबंध में जूम के माध्यम से महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद की सभी तहसीलों में चल रहे पंजीकरण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया गया।
समीक्षा के दौरान कृषि उपनिदेशक राजकुमार ने अवगत कराया कि नेटवर्क संबंधी समस्याओं के कारण वर्तमान में सभी तहसीलों को मिलाकर कुल 209 पंजीकरण हुए हैं। जिलाधिकारी ने इस पर निर्देश दिया कि नेटवर्क की सुगमता के अनुसार कार्य योजना बनाएं और किसानों के आधार विवरण प्राप्त कर रात्रि में डाटा फीडिंग का कार्य करें ताकि प्रगति सुनिश्चित की जा सके। जिन किसानों के विवरण में त्रुटियां हैं उनका तत्काल संशोधन सुनिश्चित किया जाए। जो किसान पंजीकरण के लिए उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं सूची में उनके नाम के सम्मुख स्पष्ट कारण दर्ज करें। लेखपालों को गाटावार अवशेष किसानों की सूची उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि बड़ी ग्राम पंचायतों में जहां कार्य का दबाव अधिक है वहां दो से तीन लेखपालों की तैनाती कर पंजीकरण में तेजी लाई जाए। आय, जाति, निवास या खतौनी बनवाने आने वाले किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से जांची जाए। किसानों को अवगत कराया जाए कि शासकीय सेवाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य है। गेहूं खरीद केंद्रों पर आने वाले किसानों की भी फार्मर रजिस्ट्री की जांच की जाए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री द्वारा इस अभियान की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। ऐसे में इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर कैंपों का निरीक्षण करें। प्रतिदिन सायंकाल लेखपालों के कार्यों की समीक्षा करें। राजस्व निरीक्षक एवं तहसीलदार की पोर्टल रिपोर्ट का अवलोकन कर नियमित प्रगति रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को प्रेषित करें। एसडीएम व बीडीओ को 15 दिवस के भीतर शत प्रतिशत पंजीकरण पूर्ण करने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा कि अभियान की समाप्ति के बाद एक भी पात्र किसान पंजीकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। बैठक में सीडीओ डीपी पाल, एडीएम चंद्रशेखर, सदर एसडीएम पूजा साहू, डीपीआरओ देवेंद्र सिंह, तहसीलदार चंद्रकांत तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
