पर्यटन विकास की 15 दिन में दूर की जाएं कमियां : डीएम

डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में पर्यटन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक कैंप कार्यालय में संपन्न हुई...

Jun 27, 2026 - 10:27
Jun 27, 2026 - 10:28
 0  3
पर्यटन विकास की 15 दिन में दूर की जाएं कमियां : डीएम

पर्यटन विभाग की विकास परियोजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों व कार्यदाई संस्था को दिए निर्देश

चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में पर्यटन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक कैंप कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित सभी प्रमुख पर्यटन विकास कार्यों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित कार्यदायी संस्थाओं एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान चोपड़ा कुंड के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग को निर्देशित किया कि पूर्व की भांति फाउंटेन पुनः संचालित कराया जाए तथा कुंड में पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए स्थल का सौंदर्यीकरण पूर्ण कर नगर पालिका को हैंडओवर करने की कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त कामदगिरि परिक्रमा मार्ग, रामघाट, वाल्मीकि आश्रम, तुलसी समग्र पर्यटन विकास योजना सहित अन्य प्रमुख परियोजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। संबंधित कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड बांदा यूनिट 13 को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार पेनाल्टी एवं आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बेड़ी पुलिया के सौंदर्यीकरण, प्लांटर लगाए जाने, लैंडस्केपिंग कार्य तथा निर्माणाधीन पेडेस्टल पर भगवान श्रीरामचंद्र जी की प्रतिमा स्थापित किए जाने के भी निर्देश दिए गए।

डीएम ने पर्यटन विभाग को निर्देशित किया कि जिन परियोजनाओं को चित्रकूट तीर्थ विकास परिषद को हस्तांतरित किया जाना है उनकी हैंडओवर संबंधी पत्रावली एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत की जाए। जिससे उनका संचालन एवं अनुरक्षण समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में चिन्हित सभी कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को 15 दिवस का समय दिया गया। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने यह भी बताया कि 15 दिन पश्चात पुनः समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति की समीक्षा की जाएगी। बैठक में विशेष कार्याधिकारी, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी, पर्यटन विभाग के अधिकारी एवं संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि’’ उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0