जनपद में 76 जोडों का रीतिरिवाज के साथ हुआ विवाह
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह का शुभारंभ डीएम पुलकित गर्ग, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य...
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवदम्पत्तियों को दिया आशीर्वाद
चित्रकूट। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह का शुभारंभ डीएम पुलकित गर्ग, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, सीडीओ डीपी पाल, पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्रा, आरके सिंह पटेल, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष लवकुश चतुर्वेदी, जिला महामंत्री आलोक पांडेय, सीएमओ डॉ. महेंद्र त्रिपाठी, सांसद प्रतिनिधि शक्ति सिंह तोमर आदि ने भगवान श्री गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
समारोह में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद के कुल 76 जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चारण एवं धार्मिक रीतिरिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। नवविवाहित जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर सप्तपदी के साथ अपने नए वैवाहिक जीवन का शुभारंभ किया। पूर्व सांसद आरके सिंह पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण जन कल्याणकारी योजना है। जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानपूर्वक संपन्न कराना तथा उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने नवदम्पत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की कामना की। भाजपा जिलाध्यक्ष महेन्द्र कोटार्य ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी नवविवाहित जोड़ों को शुभाशीष प्रदान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण एवं उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सामाजिक समरसता एवं जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र कन्या को कुल 85 हजार की सहायता प्रदान की जाती है। जिसमें 64 हजार की धनराशि सीधे कन्या के बैंक खाते में अंतरित की जाती है तथा 21 हजार मूल्य की उपहार सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। समारोह का आयोजन हर्षोल्लास वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं नवविवाहित जोड़ों के परिजन मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
