बुंदेलखंड के पहले साइंस पार्क को मिली हरी झंडी, 45 करोड़ से अधिक लागत से होगा निर्माण
जनपद के विकास को नई दिशा देने वाली एक महत्वपूर्ण पहल के तहत बुंदेलखंड का पहला साइंस पार्क अब बांदा में बनाया जाएगा...
बांदा। जनपद के विकास को नई दिशा देने वाली एक महत्वपूर्ण पहल के तहत बुंदेलखंड का पहला साइंस पार्क अब बांदा में बनाया जाएगा। शहर के नरैनी रोड स्थित कांशीराम उपवन में प्रस्तावित इस परियोजना को राज्य सरकार की मंजूरी मिल गई है। मंगलवार को लखनऊ से आई राज्यस्तरीय विशेषज्ञ टीम ने स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य के लिए हरी झंडी दे दी है, जिससे जल्द ही कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
करीब 45.56 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह साइंस पार्क क्षेत्र में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देगा। परियोजना के तहत लगभग 23 करोड़ रुपये भवन और अन्य आधारभूत ढांचे के निर्माण पर तथा करीब 22 करोड़ रुपये वैज्ञानिक गतिविधियों के विकास पर खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस (C&DS) को सौंपी गई है।
यह साइंस पार्क केवल मनोरंजन का केंद्र नहीं होगा, बल्कि यहां आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक क्षेत्रों में स्टार्टअप और नवाचार को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे छात्रों और युवाओं को विज्ञान के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा और वे नए शोध व प्रयोगों के लिए प्रेरित होंगे।
परियोजना के अंतर्गत बहुमंजिला इमारत में एक्सीबिशन गैलरी, नॉलेज थिएटर, स्पेस साइंस गैलरी सहित विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही बच्चों के लिए हरे-भरे वातावरण में खेल-खेल में विज्ञान सीखने की व्यवस्था भी की जाएगी। पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरों से लैस होगा और सौर ऊर्जा आधारित सिस्टम से संचालित किया जाएगा। इसके अलावा परिसर में सीसी रोड और हरियाली का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) एवं बांदा विकास प्राधिकरण के सचिव मदन मोहन वर्मा ने बताया कि यह परियोजना युवाओं को विज्ञान, नवाचार और शोध के क्षेत्र में नए अवसर प्रदान करेगी। वहीं कार्यदायी संस्था के परियोजना निदेशक रणजीत कुमार ने कहा कि साइंस पार्क के माध्यम से बच्चों को एक ही स्थान पर विज्ञान की समग्र जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनकी वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा मिलेगा।
नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि अंकित बासू ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी तथा जिलाधिकारी जे. रीभा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना बांदा के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
निरीक्षण के दौरान एडीएम नमामि गंगे मदन मोहन वर्मा, परियोजना निदेशक रणजीत कुमार, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्रीचंद्र चौधरी, सभासद प्रतिनिधि ज्ञानप्रताप ज्ञानू, राहुल सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। विशेषज्ञ टीम ने कार्यदायी संस्था को शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
