बांदा के लाल नासा के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अशोक को अमेरिका में मिलेगा विशिष्ट उपलब्धि पुरस्कार

जनपद के तिंदवारी नगर के प्रेम नगर निवासी, और नासा के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अशोक प्रजापति को अमेरिका की प्रतिष्ठित ऑकलैंड यूनिवर्सिटी द्वारा 'पुरातन छात्र विशिष्ट उपलब्धि पुरस्कार..

Jan 29, 2025 - 04:30
Jan 29, 2025 - 04:33
 0  45
बांदा के लाल नासा के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अशोक को अमेरिका में मिलेगा विशिष्ट उपलब्धि पुरस्कार
बांदा, जनपद के तिंदवारी नगर के प्रेम नगर निवासी, और नासा के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अशोक प्रजापति को अमेरिका की प्रतिष्ठित ऑकलैंड यूनिवर्सिटी द्वारा 'पुरातन छात्र विशिष्ट उपलब्धि पुरस्कार' से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार उनकी असाधारण उपलब्धियों और योगदान के लिए दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि डॉ. प्रजापति ने अपनी पीएचडी की पढ़ाई इसी विश्वविद्यालय से पूरी की थी।
तीस हजार से अधिक छात्रों की क्षमता वाले इस विश्वविद्यालय में हज़ारों अमेरिकी और अंतरराष्ट्रीय छात्रों के बीच किसी भारतीय को यह सम्मान मिलना गर्व का विषय है। यह पुरस्कार समारोह आगामी मई माह में आयोजित किया जाएगा, जिसमें डॉ. प्रजापति को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. अशोक प्रजापति का जन्म और प्रारंभिक शिक्षा बांदा जनपद के तिंदवारी नगर में हुई। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा सत्य नारायण इंटर कॉलेज, तिंदवारी और रहमानिया इंटर कॉलेज, मौदहा से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने केएनआईटी सुल्तानपुर से कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग में बी.टेक की पढ़ाई की।
डॉ. अशोक वर्तमान में अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ सिविल सेवक के रूप में कार्यरत हैं और नासा के शीर्ष वैज्ञानिकों में गिने जाते हैं। उन्होंने मून और मार्स जैसे अंतरिक्ष अभियानों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। साथ ही, वह नासा इंजीनियरिंग और सेफ्टी सेंटर के तहत कई बड़े अंतरिक्ष अभियानों के सॉफ्टवेयर आर्किटेक्चर की समीक्षा भी करते हैं।
डॉ. अशोक प्रजापति का यह सम्मान न केवल बांदा जनपद बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने न केवल अपने क्षेत्र बल्कि पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है।
डॉ. प्रजापति आज उन छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं, जो गांव या छोटे शहरों से बड़े सपने देखने की हिम्मत करते हैं। उनका यह सफर यह साबित करता है कि कड़ी मेहनत और लगन से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। डॉ अशोक प्रजापति स्वयं कहते हैं कि 
"सपनों को साकार करने के लिए शिक्षा और दृढ़ संकल्प ही सबसे बड़े हथियार हैं।"

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0